यमुना प्राधिकरण अपने 200 कर्मचारियों के लिए बनाएगा हाउसिंग सोसायटी
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य प्रशासिक दफ्तर एवं चार क्षेत्रीय कार्यालयों की डिजाइन बनाने के लिए इसी माह एजेंसी का चयन हो जाएगा। इसके अलावा एजेंसी को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हाउसिंग सोसाइटी का भी डिजाइन बनाना होगा। प्राधिकरण ने इसके लिए आरएफपी निकाला है। इसमें 19 दिसम्बर तक टेंडर डाले जा सकते हैं।
यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ रही हैं। इससे अब प्राधिकरण क्षेत्र में कार्यालयों की आवश्यकता महसूस हो रही है। इससे आवंटियों को उनके संबंधित सेक्टर के पास बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। प्राधिकरण के पास अपनी आवासीय कॉलोनी का अभाव है। इससे अधिकारी एवं कर्मचारी नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण आवासीय कॉलोनियों में रहते हैं। अब इस समस्या का समाधान होने जा रहा
है।
यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-18 में मुख्य कार्यालय बनाने की योजना बनाई है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न सेक्टर में चार जोनल कार्यालय बनाने का इरादा है। प्राधिकरण का लक्ष्य अपने 200 से अधिक कर्मचारियों के लिए 30 एकड़ की ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी विकसित करना भी है। प्राधिकरण ने इमारतों को डिजाइन करने के लिए एक वास्तुशिल्प सलाहकार को नियुक्त करेगा। चयनित एजेंसी को परिसरों को डिजाइन करने, प्रकाश, पानी, अपशिष्ट और स्वच्छता जैसी सेवाओं और प्रबंधन के लिए स्मार्ट समाधान लागू करने के लिए सुझाव देने होंगे।
