फिल्म सिटी निर्माण को लेकर 15 कंपनियों ने दिखाई रूचि
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस वे सिटी में फिल्म सिटी परियोजना को लेकर गुरुवार को होने वाली प्री बिड मीटिंग में 15 कंपनियां भाग लेंगी। इसमें शामिल होने वाली कंपनियां अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगी। अगर जरूरत महसूस हुई तो प्राधिकरण इन सुझावों को टेंडर शर्तों में शामिल कर सकता है।
यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ में फिल्म सिटी विकसित करने की योजना बनाई है। इसके लिए दो बार ग्लोबल टेंडर निकाले गए, लेकिन फिल्म सिटी के विकास के लिए कोई कंपनी आगे नहीं आई। इसके बाद टेंडर शर्तों में कई संशोधन किए गए। अब परियोजना का पहला चरण 230 एकड़ में विकसित होगा। इसमें 1510 करोड़ रुपए की निवेश होगा। इसमें 30 नवम्बर तक टेंडर जमा हो सकेंगे। तकनीकी
निविदा पांच दिसम्बर को खोली जाएगी। गुरुवार को इसकी प्री बिड मीटिंग होगी । यमुना प्राधिकरण में होने वाली प्री बिड मीटिंग में औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह भी शिरकत करेंगे। इसमें 15 कंपनियों ने भाग लेने की सहमति दे दी है। इसमें कंपनियों अपनी आपत्तियां एवं सुझाव देंगी। गुरुवार को प्री बिड मीटिंग में आने वाली कंपनियों में बालीवुड की हस्तियों की कंपनियां भी शामिल हैं। इसमें केसी बोकाड़िया, मोहिंदर वालिया, काउंटी, माइक बर्नी, ओमेक्स, भूटानी, मैडॉक फिल्म्स, दुबई बेस्ट मीडिया ऑपरेटर, बोनी कपूर, मारवाह स्टूडियो, टी सीरीज, अक्षय कुमार व कंगना रानौत, राकेश रोशन फिलम्स आदि शामिल हैं। इसके अलावा कुछ बड़ी फिल्मी हस्तियां भी इसमें शामिल होंगी। इसमें कई लोग कंससिएम बनाकर आएंगे।
