75th Republic Day 2024 : देश मना रहा है अपना 75वां गणतंत्र दिवस
75th Republic Day 2024 आज पूरा भारत 75वां गणतंत्र दिवस मनाना जा रहा है। जिसे लेकर पूरे देश में उत्साह और जश्न का माहौल है। वर्ष 2024 का गणतंत्र दिवस कई मायनों में खास है। इस बार की गणतंत्र परेड में जहां झांकियों में विभिन्नता रहने वाली है, वहीं देश की शौर्य की झलक भी देखने को मिलने वाली है। आज के इस मौके पर कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में फ्रांस का 95 सदस्यीय मार्चिंग दस्ता और 33 सदस्यीय बैंड हिस्सा लेगा। भारत के इस 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि की भूमिका में हिस्सा लेंगे।
वहीं आज देश की राजधानी दिल्ली में होने वाली परेड के लिए दिल्ली मेट्रो ने भी खास तैयारियां की है। जहां दिल्ली मेट्रो रोज सुबह 6 बजे से चलती है, वहीं आज सुबह 4 बजे से ही मेट्रो का संचालन शुरू किया गया है। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग आज की परेड को देख पाएं।
75वें गणतंत्र दिवस (75th Republic Day) का आयोजन होगा खास
कर्तव्य पथ पर होने वाली इस परेड की शुरुआत सुबह दस बजकर 30 मिनट पर होगी। लगभग कुल 90 मिनट तक चलने वाली इस परेड में देश की विभिन्न कला, संस्कृति और एकता को देखने का अवसर मिलेगा। इसी के साथ सैन्य क्षेत्र में भी सैनिक अपनी बहादुरी का परिचय देते हुए दिखाई देंगे।
देश के 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर सशस्त्र बलों की परेड में मिसाइल, ड्रोन जैमर, निगरानी प्रणाली, वाहन पर लगे मोर्टार और बीएमपी-2 पैदल सेना के लड़ाकू वाहनों जैसे घरेलू हथियारों और सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस बार सैन्य परेड में यह पहली बार होगा जब सेना के तीनों अंगों ( नभ,जल,थल) की महिला दस्ता देश के इस सबसे बड़े समारोह में शामिल होगी। लेफ्टिनेंट दीप्ति राणा और प्रियंका सेवदा रडार और पिनाका राकेट प्रणाली का परेड में नेतृत्व करेंगी। लेफ्टिनेंट दीप्ति राणा और प्रियंका सेवदा पिछले साल आर्टिलरी रेजिमेंट में नियुक्त हुई 10 महिला अधिकारियों में से हैं।
75वें गणतंत्र दिवस की परेड की शुरुआत पारंपरिक सैन्य बैंड के बजाय पहली बार 100 से अधिक महिला कलाकारों द्वारा शंख, नादस्वरम, नागाडा जैसे भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाने से होगी। देश के इतिहास में यह पहली बार होगा कि सनातन परंपरा को मुख्य कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।भारतीय वायु सेना के फ्लाई-पास्ट के दौरान लगभग 15 महिला पायलट भी नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगी। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की टुकड़ियों में भी केवल महिला कर्मी शामिल होंगी।
