वर्ष 2022 की अपेक्षा इस वर्ष नोएडा में 21 प्रतिशत अपराध हुआ कम
– गैंगस्टरों की 290 करोड़ की संपत्ति कुर्क, छात्रों को मादक द्रव बेचने वाले गैंग का खुलासा, महिला अपराध में आई कमी
नोएडा। वर्ष 2022 के बजाए वर्ष 2023 में अपराधों के आंकड़े मे 21 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं पुलिस ने अपराध के रास्ते करोड़ों की संपत्ति इकट्ठा करने वाले गैंगस्टरों के 290 करोड़ की संपत्ति वर्ष 2023 में कुर्क की गई है। पुलिस ने नकली करेंसी बनाने वाले, फर्जी कंपनी खोलकर सरकार को हजारों करोड़ों की राजस्व का चूना लगाने वाले ,अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने वाले गैंग को गिरफ्तार किया है। महिला अपराध में भी भारी कमी आई है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि वर्ष 2023 में जनपद गौतम बुद्ध नगर में लूट की 29 वारदात हुई, जबकि वर्ष 2022 में 39 और वर्ष 2021 में 51 घटनाएं हुई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में दहेज हत्या की 26 घटना हुई जबकि 22 में 31 और 21 में 44 हुई। उन्हें बताया कि छेड़खानी की घटनाएं वर्ष 2023 में पांच हुई, जबकि 22 में 10 और 21 में 6 हुई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में बलात्कार की घटनाएं 30 हुई, जबकि 22 में 33 और 21 में 39 हुई थी।उन्होंने बताया कि 2023 में अपहरण की घटनाएं 140 हुई, जबकि 22 में 226 और 21 में 242 हुई थी। उन्होंने बताया था कि महिला उत्पीड़न की घटना है 2023 में 252 हुई, जबकि 22 में 276 और 21 में 265 हुई थी। उन्होंने बताया कि इस तरह 3 वर्षों का अनुपात में वर्ष 2023 में 21 प्रतिशत अपराध कम हुआ है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि नारकोटिक्स अधिनियम के तहत वर्ष 2023 में 559 मामले दर्ज कर गिरफ्तारियां हुई। जबकि 22 में 528 तथा 2021 में 319 थी। आबकारी अधिनियम में भी वर्ष 2023 में 983 मामले दर्ज हुए, जबकि 22 में 887 और 2021 में 849 थी। गुंडा अधिनियम के तहत वर्ष 2023 में 451 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 22 में 407 और 21 में 188 था। गैंगस्टर एक्ट के तहत वर्ष 2023 में 72 गैंग के खिलाफ कार्रवाई हुई, जबकि यह आंकड़ा 22 में 47 और 21 में 31 था।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में नोएडा पुलिस ने विभिन्न अपराधों में 3972.72 किलोग्राम गांजा बरामद किया। 103.109 किलो चरस बरामद किया। 77.150 किग्रा एमडीएमए, 0.148 कोकीन तथा 1610 किलोग्राम डोडा बरामद किया। उन्होंने बताया कि विभिन्न यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों को मादक पदार्थ बेचने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी, अनिल दुजाना, रणदीप भाटी, शाहबेरी प्रकरण से संबंधित भू- माफिया, बाइक वोट घोटाले संबंधित संजय भाटी एवं उसके गैंग के लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 289 करोड़ 20 लाख 12 हजार 936 रूपए की संपत्ति कुर्क की। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक वर्ष के अंदर 703 अपराधियों को सजा दिलवाई। जिसमें डकैती की तीन, लूट के 250, हत्या के 11, हत्या के प्रयास के 49, गैंगस्टर एक्ट के 42, शस्त्र अधिनियम के 346, तथा हरिजन एक्ट के सात मामले हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में नोएडा पुलिस ने एमडीएम ड्रग्स बेचने वाले विदेशी गैंग का खुलासा कर 480 करोड़ से ज्यादा का मादक द्रव्य बरामद किया। फर्जी कंपनी खोलकर सरकार को हजारों करोड़ों का नुकसान पहुंचाने वाले गैंग का पर्दाफाश किया। मिशन सहयोग अभियान के तहत 191 लोगों के गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस किया। फर्जी कॉल सेंटर संचालित करने वाले 6 गैंग का पर्दाफाश कर 129 अभियुक्तों की गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि जाली करंसी बनाने वाले चार गैंग का पर्दाफाश कर पुलिस ने 8 करोड़ 88 लाख 74 हजार रुपए की नकली करेंसी बरामद की। उन्होंने बताया कि अवैध शराब की तस्करी करने वाले 1036 अभियुक्त को गिरफ्तार कर पुलिस ने 38,824 लीटर शराब बरामद किया।
