मातम में बदला नई कार का जश्न
नोएडा। नई कार का जश्न मनाने अपने दोस्तों के साथ निकले 12वीं कक्षा के छात्र की कार देर रात दो बजे के करीब अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस घटना में छात्र की मौत हो गयी जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये।
थाना सेक्टर-20 के एसएचओ अनिल कुमार शाही ने बताया कि इंदिरापुरम क्षेत्र के बिन्डसर पार्क सोसाइटी में रहने वाला 12वीं कक्षा का छात्र राघव मेहरा इंदिरापुरम के ही वैली इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ता था। कल उसके पापा ने उसे नई फोर्ड फीगो कार खरीदकर दी। वह अपने दोस्त यावेश व रेहान के साथ नई कार की पार्टी करने के लिए इंदिरापुरम से बीती रात को नोएडा आया। रात दो बजे के करीब वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी करके नोएडा से इंदिरापुरम जा रहा था। वे लोग कार काफी तेज गति से चला रहे थे।
सेक्टर-27 स्थित कैम्ब्रिज स्कूल के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। कार की गति इतनी तेज थी कि वह हवा में तीन-चार बार पलटती हुई सड़क के किनारे जा गिरी। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे तीनों को बाहर निकाला तथा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उनके परिजन उन्हें इंदिरापुरम स्थित शांति गोपाल अस्पताल में ले गये। उपचार के दौरान आज सुबह राघव मेहरा की मौत हो गयी जबकि उसके दो साथियों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
