करणी सेना का ऐलान, विदेशों में भी रिलीज नहीं होने देंगे ‘पद्मावती’
ग्रेटर नोएडा : करणी सेना के पदाधिकारियों ने ऐलान किया है कि ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म पद्मावती को देश के साथ अब विदेशों में नहीं चलने दिया जाएगा। रविवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पदाधिकारियों ने कहा फिल्म को किसी भी हालत में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।
राजपूत करणी सेना के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष करण ठाकुर ने कहा कि ‘पद्मावती’ नारी जाति का अपमान करने वाली फिल्म है। इसे किसी भी सूरत में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। फिल्म निर्माता ने इतिहास से छेड़छाड़ की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर फिल्म को रिलीज किया गया तो फिर उग्र प्रदर्शन होगा। यहां तक कि हथियार भी उठाने पड़े तो उससे भी पीछे नहीं हटा जाएगा। अपने स्वाभिमान की रक्षा करने के लिए पूर्वजों ने हथियार उठा लिए थे तो संगठन के कार्यकर्ता इस फिल्म को रोकने के लिए भी हथियार उठाने की हद तक जा सकते हैं।
फिल्म के निर्माता संजय लीला भंसाली इस फिल्म को विदेशों मे रिलीज करने की बात कह रहे हैं। इसके जवाब में करणी सेना फिल्म का विरोध करने के लिए विदेशों में भी अपना संगठन खड़ा करेगी। इस दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया। उन्होंने मुकेश ठाकुर निवासी मिर्जापुर, को गौतमबुद्ध नगर का जिला अध्यक्ष, गोपाल रावल को जिला उपाध्यक्ष, मनोज राजपूत को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का महासचिव, आनंद सिंह को सचिव बनाया गया है।