गलगोटिया कॉलेज में फोर्टिस हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा ने “हेल्दी हार्ट हेल्दी टॉक” का किया आयोजन
“सीपीआर’ और “बेसिक लाइफ सपोर्ट” की स्टूडेंट्स को दी जानकारी
ग्रेटर नोएडा, 3 नवंबर 2023 : गलगोटिया कॉलेज में फोर्टिस हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से “हेल्दी हार्ट हेल्दी टॉक” और “बेसिक लाइफ सपोर्ट प्रशिक्षण सत्र” का आयोजन किया गया, जिसमें सीपीआर की भी ट्रेनिंग दी गई। कार्यक्रम में लगभग 250 स्टूडेंट और स्टाफ मेंबर्स ने भाग लिया।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए इस सत्र में योग, व्यायाम और पौष्टिक आहार अपनाकर जीवनशैली में सुधार लाने पर चर्चा की गई। इसमें बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) प्रशिक्षण भी शामिल था, जिसमें घटनास्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करना, मरीज की प्रतिक्रिया की जाँच करना, सहायता के लिए कॉल करना और 30 चेस्ट कम्प्रेशन और 2 रेस्क्यू ब्रेथ की प्रक्रिया लागू करना जैसे प्रमुख बिंदु शामिल थे।
कार्यक्रम में फोर्टिस अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक शामा और और अस्पताल के इमरजेंसी एंड ट्रॉमा हेड डॉ. इम्तियाज ने व्याख्यान दिया और प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर दिए।
सत्र के दौरान, डॉ. विवेक शामा ने स्वस्थ हृदय बनाए रखने के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “स्वस्थ हृदय लंबे और सुचारू जीवन की आधारशिला है। यह आवश्यक है कि हम संतुलित जीवनशैली और नियमित जांच के माध्यम से अपने हृदय स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें। धूम्रपान और मोटापे से दूर रहकर, हम अपने को और भी अधिक सुरक्षित कर सकते हैं।”
डॉ. इम्तियाज ने बेसिक लाइफ सपोर्ट ट्रेनिंग के महत्व को संबोधित करते हुए कहा, “बेसिक लाइफ सपोर्ट स्किल्स आपात स्थिति में महत्वपूर्ण अंतर ला सकते हैं। सीपीआर करने का तरीका जानना इमरजेंसी में किसी की जान बचाने में कारगर साबित हो सकता है।”
गलगोटिया कॉलेज के निदेशक विक्रम शर्मा ने कार्यक्रम के लिए फोर्टिस अस्पताल, ग्रेटर नोएडा को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “हम इस आयोजन को संभव बनाने में सहयोग के लिए फोर्टिस हॉस्पिटल ग्रेटर नोएडा को हार्दिक धन्यवाद देते हैं। आज यहां साझा किए गए ज्ञान और कौशल से निस्संदेह हम सभी को लाभ मिलेगा।”
