प्राधिकरण के बिना अनुमति के किया जा रहा था बहुमंजिला इमारत का निर्माण ,39 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक वर्क सर्किल- 3 ने बीती रात को थाना बिसरख में 39 लोगों को नामित करते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। उनका आरोप है कि ग्राम बिसरख जलालपुर में प्राधिकरण की बिना अनुमति के खसरा नंबर 814 पर बहु मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि कई बार प्राधिकरण की तरफ से इन्हें रोका गया लेकिन यह लोग छुपकर काम जारी रखे हुए हैं।
थाना बिसरख पुलिस ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधीकरण के सहायक प्रबंधक वर्क सर्कल -तीन गौरव कुमार ने बीती रात को 39 लोगों को नामित करते हुए धारा 188, 447 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित का आरोप है कि ये लोग खसरा नंबर 814 पर अवैध रूप से निर्माण कर रहे हैं। इन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से अनुमति नहीं ली है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
