अपराधियों के हौसले बुलंद, लूट का विरोध करने पर चाकू से गोदा
नोएडा : थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर 18 में लूटपाट का विरोध करने पर तीन बदमाशों ने एक युवक को चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह सेक्टर 27 स्थित कैलाश अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। जहाँ उसका उपचार चल रहा है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-18 स्थित बीकानेर स्वीट में काम करने वाले मोहम्मद अफजल बीती रात को 11 बजे के करीब अपनी ड्यूटी खत्म करके घर जा रहे थे। सेक्टर 18 बिजली घर के पास तीन बदमाश उनसे फोन छीनने लगे।
इस बात का जब अफजल ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाश उसका मोबाइल फोन व अन्य सामान लूट कर भाग गए। गंभीर रूप से घायल अफजल को नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
