यमुना एक्सप्रेस-वे : दो कारों की भिडंत में विदेशी नागरिक समेत चार घायल
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह हुए एक सड़क हादसे में एक विदेशी नागरिक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है।
थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक फरमूद अली पुण्डीर ने बताया कि आज सुबह को यमुना एक्सप्रेस-वे पर जीरो प्वाइंट से 14 किलो मीटर दूर थाना दनकौर क्षेत्र में एक महिन्द्रा कार व स्विफ्ट डिजायर कार में टक्कर हो गयी। इस घटना में स्विफ्ट कार में सवार इटली के निवासी गिओवहनि तथा उनका ड्राइवर विक्रम व महिन्द्रा कार में सवार अभय तथा उसकी पत्नी कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर उनका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।