एटीएम कार्ड चोरी करके खाते से निकाली रकम
नोएडा । थाना फेस- वन क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति से अज्ञात बदमाशों ने उनका एटीएम कार्ड धोखाधड़ी से लेकर उसकी सहायता से उनके खाते से 1,12,500 रूपए निकाल लिया।
थाना फेस- वन पुलिस ने बताया कि मोहम्मद जब्बर निवासी सेक्टर -9 ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 8 अक्टूबर को वह सेक्टर चार स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। पैसे निकालने के दौरान मशीन में कुछ खराबी आ गई। उनके पीछे खड़े व्यक्ति ने मदद के बहाने उनका कार्ड ले लिया, तथा धोखाधड़ी करके कार्ड बदल दिया। आरोपियों के कार्ड की सहायता से 1,12,500 रूपए निकाल लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
