स्व. मुलायम सिंह यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर सपा कार्यकर्ताओं ने हवन यज्ञ कर अर्पित की श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी के संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तरप्रदेश स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर सपा कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 82 स्थित प्राचीन तपोभूमि ब्रम्हचारी कुटी पर हवन यज्ञ कर नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। पुण्यतिथि पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।पंडित सुमित तिवारी एवं सहयोगी विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच सपा नेताओं ने आहुतियां अर्पित की । हवन यज्ञ के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेन्द्र दुबे ने कहा कि गरीबों , किसानों, मजदूरों, नौजवानों की आवाज को बुलंद करने वाला मसीहा हमारे बीच में नहीं है लेकिन उनके विचार हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे। अदभुत नेतृत्व क्षमता के धनी नेता जी ने अपनी संघर्ष क्षमता के दम पर उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री बने और देश के रक्षामंत्री के पद को सुशोभित किया। एक साधारण किसान परिवार में जन्में मुलायम सिंह यादव जैसे नेता सदियों में एक बार जन्म लेते हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान, महानगर उपाध्यक्ष मनोज गोयल,विकास भारती, रवि राघव, सुशील पाल, शिववृत्त तिवारी, विनोद चौहान, अखिल पांडे, उपेंद्र तिवारी सहित तमाम सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।