श्री धार्मिक रामलीला मैदान सेक्टर पाई में मनाई गई गांधी- शास्त्री की जयंती, किया गया वृक्षारोपण
ग्रेटर नोएडा : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्री धार्मिक रामलीला मैदान सेक्टर पाई 1 ऐचछर में विशेष आयोजन हुए। इस मौके पर जिलाधिकारी नोएडा मनीष कुमार वर्मा, एडीएम अतुल, ओएसडी रजनीकांत ने रामलीला मैदान में वृक्षारोपण किया और स्वच्छता अभियान में भाग लिया। रामलीला कमेटी के संरक्षक शेर सिंह भाटी, उपाध्यक्ष चैन पाल प्रधान और सतवीर मुखिया के द्वारा अतिथियों को शॉल व पटका पहनाकर सम्मानित किया। इसी कड़ी में रामलीला समिति के संरक्षक शेर सिंह भाटी ने ग्रेटर नोएडा के सफाई कर्मचारियों को साल व पटका पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद वृक्षारोपण किया गया और वृक्षों की महत्ता पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा, शुद्ध वायु और संतुलित पर्यावरण के लिए पेड़-पौधों की अधिक से अधिक आवश्यकता है।