पत्नी ने शराब के पैसे नहीं दिए तो तीसरी मंजिल से लगा दी छलांग, मौत
नोएडा ।थाना फेस- दो क्षेत्र के विशेष निर्यात जोन के पास एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से गिरकर एक 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना फेस 2 पुलिस ने बताया कि विशेष निर्यात जोन के पास रहने वाले हरेंद्र उर्फ बंसी शराब पीने का आदी था। वह बीती रात को घर आया था। अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पत्नी ने जब पैसे देने से इनकार किया तो वह गुस्से में पास में स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग पर चढ़ गया तथा तीसरी मंजिल से छलांग लगा दिया। अत्यंत गंभीर हालत में उसके परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर देर रात को उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
