पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ 25 हजार रुपये का इनामी सिंहराज भाटी गैंग के सक्रिय बदमाश अनिल को पुलिस ने दबोचा, दो फरार
थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस व स्वाट टीम गौतमबुद्धनगर द्वारा की जा रही चैकिंग के दौरान पुलिस की सिंहराज भाटी गैंग के सक्रिय बदमाशों के साथ हुई मुठभेड में 25 हजार के इनामी बदमाश अनिल को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया उसके दो साथी अरूण और सचिन पुलिस पार्टी पर फायर करते हुये फरार हो गये। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के पुलिस कॉम्बिंग कर रही है. घायल बदमाश के पास से पुलिस ने एक पिस्टल व कार बरामद की है।
मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल बदमाश अनिल की काफी दिन से पुलिस को तलाश थी, इसके लिए टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही थी. डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान ने बताया कि ईकोटेक वन व स्वाट टीम को अनिल के ईकोटेक वन इलाके में होने की सूचना मिलने पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान अनिल से मुठभेड़ हो गई। गोली से घायल होने के बाद अनिल को पकड़ लिया गया, उसके दो साथी अरूण और सचिन पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
साद मियां खान बताया कि अनिल, सिंहराज भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके द्वारा गैंग के लिए अवैध वसूली की जाती थी। साथ ही लोगों को डराया-धमकाया जाता था। आरोपित ने 17 जुलाई को इमलिया का गांव में अपने साथियों के साथ मिलकर सुनील नागर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। जिसमें दो व्यक्ति बाल-बाल बच गए थे। अनिल ने अपने साथियों के साथ मिलकर 18 अगस्त को सिरसा गांव में भी फायरिंग की गई थी। जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था। आरोपित ने दो दिन पूर्व स्क्रैप के काम को लेकर दिल्ली के ओखला में भी अपने साथियों के साथ फायरिंग की थी। सभी मामलों में आरोपित पर मुकदमा दर्ज है। बदमाश पर 25 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित था। आरोपित के फरार साथियों अरूण और सचिन की तलाश में दबिश दी जा रही है।
