स्विमिंग पूल में डूबकर सीए की मौत
नोएडा के फिल्म सिटी स्थित एपीजे स्कूल में स्विमिंग कर रहा सीए बेहोश हो गया। वहां मौजूद लोग उसे कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान निशांत कुमार पुत्र जय प्रकाश उम्र 33 साल निवासी ग्राम छलेरा, सेक्टर-44 हुई है। प्राथमिक जांच एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी ने बताया कि निशांत कुमार सीए है। वह गुरुवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे नोएडा के एपीजे स्कूल में बने स्विमिंग पूल में नहाने गया था। वहां पर वह बेहोश हो गए। वहां मौजूद शाहनवाज, सायन आदि ने नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम करवा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि अगर मृतक के परिजन इस मामले में कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच करेगी। फिलहाल पुलिस स्विमिंग पूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि निशांत पहले ही दिन वहां गया था। उसे तैरना आता है या नहीं दोस्तों से पूछताछ की जाएगी।
15 से ज्यादा लोग थे मौजूद
जिस समय ये घटना हुई उस समय स्विमिंग पूल के पास 15 से ज्यादा लोग मौजूद थे। खास ये है किसी को निशांत के डूबने की भनक तक नहीं लगी। ऐसा बताया गया कि निशांत जब पानी में तैर रहा था। उसी दौरान उसे या तो अटैक आया या फिर उसके साथ कुछ हुआ। जिससे वो पानी में डूब गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।
सीसीटीवी के लिए मुंबई बात करेगी पुलिस
स्विमिंग पूल में लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो का एक्सिस मुंबई में एक कंपनी की ओर से किया जाता है। जिसका हेडऑफिस भी वहीं है। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद कंपनी से बात करेगी। ताकि सीसीटीवी फुटेज सामने आ सके।
