5 साल के बच्चे पर धारदार हथियार से हमला, गले और पैर पर जख्म
नोएडा में पांच साल के बच्चे को एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चे के0 गले और पैर में गहरे जख़्म के निशान है। बच्चे को इलाज के लिए यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता की शिकायत पर थाना सेक्टर-113 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
8 दिन पहले पड़ोसी से हुई थी कहासुनी
पीड़ित पिता रंजीत वर्मा परिवार के साथ सेक्टर-112 में किराए के कमरे में रहते है। उनके पड़ोस में दीपक चौरासिया भी रहता है। शिकायत में उन्होंने बताया कि करीब सात से आठ दिन पहले पत्नी की किसी बात को लेकर दीपक से कहासुनी हो गई थी। ये बात मामूली समझकर मामले को शांत कर दिया गया। इसके बाद से सब कुछ ठीक था।
आरोप है कि दीपक चौरासिया सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे घर आया। उस समय रंजीत की आठ साल की बेटी और पांच साल का बेटा घर के बाहर खेल रहे थे। उन्होंने बताया कि दीपक उनके बेटे को बाइक पर बैठाकर ले जाने लगा। बेटी ने रोकने का प्रयास किया तो उसे धक्का दे दिया और बेटे को लेकर भाग गया।
11.30 बजे दीपक ने अपने फोन से पत्नी को फोन कर बताया कि तुम्हारा बेटा मेरे पास है। उसके बाद उसका फोन बंद हो गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी। करीब एक बजे पुलिस से सूचना मिली कि पांच साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला है। जिसका इलाज सीएचसी भंगेल में चल रहा है। उसके गले और पैर को बुरी तरह से घायल किया गया।
पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने रंजीत को बताया कि जिसने भी इसे घायल किया वो बच्चे को भूड़ा गांव श्मशान के पास घायल अवस्था में फेंक गया था। फिलहाल बच्चे को इलाज के लिए यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज किया जा रहा है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
