ग्रेनो में अतीक अहमद की प्रॉपर्टी होने का खुलासा, एसटीएफ के राडार पर
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 36 स्थित बाहुबली अतीक अहमद के मकान होने का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है 1994 में आवंटित भूखण्ड पर बने मकान में अतीक का बेटा रह कर एक नामी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की है।
मीडिया में खबर आने के बाद एलआइयू व पुलिस अतीक के मकान पर पहुंची। वहां उन्हें पप्पू नाम का राजमिस्त्री मिला। वह पिछले छह साल से परिवार के साथ रह रहा था। चार नाबालिग भी इसी घर में रहते हुए मिले। पप्पू ने पुलिस को बताया कि छह साल पहले उसको एक व्यक्ति घर का रखरखाव करने के लिए कह कर गया था उसके बाद से वह वापस नहीं आया।
पप्पू किसी व्यक्ति को घर का किराया नहीं दे रहे थे। वह बिजली का बिल जमा करते थे। एक दैनिक समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने के बाद मीडिया का अतीक के घर के बाहर जमावड़ा रहा। सूत्रों ने दावा किया है पुलिस-प्रशासन ने गोपनीय रूप से जांच शुरू कर दी है। ग्रेटर नोएडा में अतीक को मकान वर्ष 1994 में आवंटित किया गया था। बता दें कि प्रयागराज में हुई गवाह उमेश पाल व सरकारी गनर की हत्या के बाद अतीक व उसके करीबियों पर पुलिस का शिकंजा कस रहा है। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा में अतीक की प्रापर्टी पर प्रशासन ने नजर टेढ़ी करना शुरू कर दी है। जल्द ही भविष्य में कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
