ग्रेटर नोएडा में फिक्की हायर एजुकेशन सम्मिट शुरू
नई दिल्ली। केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरूवार को ग्रेटर नोएडा में फिक्की द्वारा आयोजित 13वें उच्च शिक्षा सम्मेलन-2017 के दौरान वीडियो मैसेज में कहा कि अच्छे छात्र हायर एजुकेशन के लिए विदेश चले जाते हैं वहां जाकर रिसर्च और नए एनोवेशन विदेशी कंपनियों के लिए कहते हैं। जबकि जो सुविधाएं वहां उन्हें मिलती हैं अब देश में भी उपलब्ध है। अत: छात्र मोदी सरकार के मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत इस तरह के रिसर्च कर सकते हैं। जावड़ेकर ने कहा कि देश के और विदेशों के कालेजों के सिंद्धांत और विज्ञान समान है बस फर्क है तो टेक्नोलॉजी का। इसको दुरुस्त करने की जिम्मेदारी भी यहां के शिक्षकों और छात्रों के ऊपर है। सरकार इसके लिए हर तरह की मदद के लिए तैयार है।
जावड़ेकर का यह मैसेज फिक्की द्वारा आयोजित ‘एजुकेशन 4.0 : स्टूडेंट एट द कोर’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन मौके पर दिखाया गया। इस सम्मेलन में आईआईटी मुम्बई सहित तमाम निजी विश्वविद्यालय यहां शामिल हुए हैं। अब यहां तक तीन दिनों तक एजुकेशन के बदलते परिदृष्य पर चर्चाएं होंगी।
उद्घाटन मौके पर जावड़ेकर ने अपने आठ मिनट के मैसेज में कहा कि मोदी सरकार अगले 20 साल को ध्यान में रखते हुए नई शिक्षा नीति तैयार कर रही है। इसका ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है। इस नई नीति से देश के शिक्षा क्षेत्र में एक क्रांति आएगी। उन्होंने इस मौके पर स्कूली शिक्षा को भी दुरुस्त करने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसी सरकार ने 10वीं की परीक्षा में फिर से बोर्ड परीक्षा की शुरूआत की है।

इस मौके जावड़ेकर ने एमएचआरडी और एआईसीटीई द्वारा आईआईटीज और आईआईएम सहित देश के टॉप फैकल्टी द्वारा फ्री ऑनलाइन पोर्टल ‘स्वंय’ के बारे में बताया और कहा कि स्वयं नाम से बने इस पोर्टल के जरिए स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी लेवल तक के फ्री लर्निंग कोर्स शुरू किए गए हैैं।
स्टडी वेब्स ऑफ एक्टिव लर्निंग फॉर यंग एस्पाइरिंग माइंड्स (स्वयं) पोर्टल के जरिए आईआईटी, आईआईएम और इग्नू जैसे संस्थानों में एडमिशन लिए बिना अब स्टूडेंट्स इनके सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा हासिल कर सकते हैं। इंजीनियरिंग और नॉन-इंजीनियरिंग के इस पोर्टल पर अभी तक 200 कोर्सेस अपलोड कर दिए गए हैं। आईसेक्ट
यूनिवर्सिटी के भी कुछ ऑनलाइन कोर्सेस को स्वयं पोर्टल पर लिया जाएगा।
इस मौके पर केन्द्रीय वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु का भी एक ऑडियो मैसेज चलाया गया। सुरेश प्रभु ने अपने मैसेज में कहा कि अब वह समय आ गया है जब भारत भी अपने अपने एजुकेशन का ‘आयात’ करे। यानी की देश से केवल छात्र ही बाहर नहीं जाएंगे बल्कि भारतीय एजुकेशन भी विदेशों में पढ़ाई जाएगी।
इस उद्घाटन मौके पर केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव डा. एन.सरवना कुमार के अतिरिक्त फिक्की के महासचिव डा. संजय बरू, चैयरमैन डा. राजन सक्सेना आदि उपस्थित थे।
