ब्रेकअप करने पर प्रेमी ने अंजलि राठौर का किया था मर्डर , प्रेमी गिरफ्तार
नोएडा। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-62 स्थित शताब्दी विहार में रहने वाली इंजीनियर अंजली राठौर की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। इसके पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल व कारतूस पुलिस ने बरामद किया है। नगर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह ने बताया कि 31 मई की सुबह को सेक्टर-62 के शताब्दी विहार अपार्टमेंट में रहने वाली लावा मोबाइल कंपनी के इंजीनियर अंजली राठौर की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में उनके पिता ने मैनपुरी के रहने वाले अश्वनी यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी ने बताया कि थाना सेक्टर-58 पुलिस ने जनपद मैनपुरी के अधियारी गांव में छापा मारकर इंजीनियर युवती की हत्यारोपी अश्वनी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इसके पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल व कारतूस बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि पढ़ाई के समय से उसके व अंजली के प्रेम संबंध चल रहे थे। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चार माह पूर्व अंजली ने उससे कह दिया था कि वह उसके साथ अब दोस्ती नहीं रखेगी। घटना से एक दिन पहले आरोपी व मृतका दोनों सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल के गेट नंबर दो पर मिले। दोनों ने करीब तीन घंटे तक आपस में बात किया। अश्वनी का कहना है कि उसके लाख समझाने के बावजूद भी अंजली ने उसकी बात नहीं मानी। उसने साफ इंकार कर दिया कि वह उसके साथ आगे रिश्ता नहीं रखेगी। आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि अंजली व उसके बीच कोई तीसरा आ गया है। उसने अगले दिन फोन करके अंजली को उसके अपार्टमेंट के नीचे अंतिम बार मिलने के नाम पर बुलाया। एसपी ने बताया कि अश्वनी अपने एक अन्य दोस्त के साथ शताब्दी विहार अपार्टमेंट पहुंचा वहां पर उसने अंजली को नीचे पार्किंग में बुलाया तथा उसे गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह अपने दोस्त के साथ मौके से भाग गया।
