ग्रेटर नोएडा : मुख्य मार्गों पर बनीं इमारतें फसाड लाइटों से होंगी रोशन
ग्रेटर नोएडा। नोएडा की तरह ग्रेटर नोएडा में भी नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे व अन्य मुख्य मार्गों पर फसाड लाइटें लगवाई जाएंगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी के निर्देश पर इसके लिए पॉलिसी बनाई जा रही है। पहले फेज में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, प्राधिकरण के सामने वाली 105 मीटर रोड व ग्रेटर नोएडा को ग्रेटर नोएडा वेस्ट से जोड़ने वाली 130 मीटर रोड के दोनों तरफ ऊंची इमारतों पर फसाड लाइटें लगाने पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि इन रास्तों से गुजरने वालों को हर दिवाली जैसा फील हो सके। इससे शहर की खूबसूरती भी बढ़ जाएगी। 500-500 मीटर की दूरी पर ये लाइटें लगाई जा सकती हैं। इन सड़कों के दोनों तरफ शिक्षण संस्थानों, ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट, कार्पोरेट ऑफिसों आदि द्वारा इन बिल्डिंग्स पर स्वयं ये लाइटें लगवाई जाएंगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने समीक्षा बैठक के दौरान इस पॉलिसी पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
