श्रीकांत त्यागी की जमानत याचिका पर कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा
नोएडा की ओमैक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता मामले में आरोपी श्रीकांत त्यागी का मामला इन दिनों चर्चा में है। आज श्रीकांत त्यागी, नकुल त्यागी , राहुल और संजय की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। कोर्ट ने जांच अधिकारी से रिपोर्ट तलब की है। जमानत याचिका पर कोर्ट में कल भी सुनवाई जारी रहेगी।
बता दें कि ओमेक्स सोसाइटी में महिला के साथ अभद्रता का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने श्रीकांत पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था। श्रीकांत त्यागी उर्फ लंगड़ा त्यागी को पुलिस ने मेरठ से किया था। मंगलवार को नोएडा की एक अदालत ने फैसला सुनाते हुए उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
इधर श्रीकांत त्यागी के वकील सुशील भाटी ने बताया कि आज कोर्ट में श्रीकांत त्यागी, नकुल त्यागी, राहुल और संजय की जमानत याचिका पर सुनवाई की गई । वकील ने कहा कि, हमने मुवक्किल का पक्ष कोर्ट में रखा है। श्रीकांत ने अपनी गलती की मांफी भी मांग ली है। इस पर कोर्ट ने जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है।
सुशील भाटी ने बताया कि, कल यानी गुरुवार को भी जमानत याचिका पर सुनवाई जारी रहेगी। हमें पूरा न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने बताया कि संभवतः कल श्रीकांत को कोर्ट से जमानत मिल जाएगी।
“प्रेस क्रॉन्फ्रेंस के दौरान कहा- महिला मेरी बहन जैसी”
गौरतलब हो कि मंगलवार को जेल जाने के दौरान श्रीकांत त्यागी ने मीडिया से बातचीत की थी। इस दौरान उसके तेवर नरम पड़ गए थे। माफी मांगने के लहजे में उसने कहा कि महिला मेरी बहन की तरह है। इसके साथ यह भी आरोप लगाया कि यह सब राजनीति के चलते किया गया है।
हैरत की बात है कि इससे पहले मेरठ से गिरफ्तार कर नोएडा लाए गए श्रीकांत त्यागी ने पुलिस की पत्रकार वार्ता के दौरान भी हेकड़ी दिखाता नजर आया था। इस दौरान जब उसे मास्क उतारने के लिए कहा गया तो वह अकड़ते हुए आंख दिखाने लगा था।
