धर्म के नाम पर जानवरों की हत्या : आचार्य प्रशांत
आदमी बड़ा करामाती जीव है। कुछ रच पाने की उसकी हैसीयत हो, न हो, विध्वंस की उसकी क्षमता लाजवाब है। उलझन को सुलझा वो भले न पाता हो, पर सीधी सरल बात को भी उलझा लेने में उसका कोई सानी नहीं। कोई ग्रन्थ नहीं है, कोई शास्त्र नहीं है जो कहता है कि जानवर को मारोगे तो उससे तुम्हें आध्यात्मिक तल का कोई लाभ हो जाना है। बिलकुल साफ़ समझ लीजिए इस बात को। इस बात का कोई प्रमाण नहीं है, इस बात के लिए कोई शास्त्रीय वैधता नहीं है कि पशुबलि से किसी भी तरह का कोई लाभ हो सकता है। कहीं-कहीं पर बात की गई है अजमेध, अश्वमेध इत्यादि की। वो बात जिस सन्दर्भ में है उसको समझना आवश्यक है।
अध्यात्म का पूरा क्षेत्र ही जानवर को इंसान बनाने की कोशिश है। शरीर से तो हम पशु ही हैं, वृत्तियों से भी हम पशु ही हैं और पशुओं की ही भाँति हम भी नए ताजे जंगल से ही निकल कर आए हैं। तो कूट-कूट कर पशुता हममें भरी हुई है। जब बात की जाती है पशुबलि की तो वास्तव में कहा जाता है कि अपनी पशुता को मारो। किसी पशु को मारने की बात नहीं हो रही है, अपने भीतर की पशुता को मारने की बात हो रही है।
तुम्हारे भीतर है एक घोड़ा। वो दौड़ता है, सब दिशाओं में। वो पहुँचता कहीं नहीं पर दौड़ता बहुत ज़ोर से है। उसी के लिए एक साफ़ सुथरा नाम है ‘मन’। तो जब कहा गया ‘अश्वमेध’ तो वास्तव में उसका अर्थ था ‘मनमेध’। भीतर के इस घोड़े की बलि देनी है, अन्यथा घोड़ा मार कर के क्या लाभ?
और ये आप भी जानते हैं। कबूतर में क्या खास है जो कौए में नहीं है? कौआ मार कर काहे नहीं चढ़ा देते? कौआ मार कर काहे नहीं चढ़ाएँगे — उसका माँस लजीज़ नहीं होता, इसलिए नहीं चढ़ाएँगे। बात
बकरे की जगह कुत्ते की बलि नहीं देंगे। क्यों? उसका माँस स्वादिष्ट नहीं होता। अब अच्छे से समझ लो कि तुम बलि क्यों देते हो। इसलिए नहीं कि उससे कोई धार्मिक लाभ हो जाएगा, इसलिए क्योंकि ये जो ज़रा सी ज़बान है न, दो इंच की, चमड़े की, ये लपलपाती रहती है स्वाद के लिए, किसी-न-किसी तरीके से स्वाद चाहिए। और कोई बहाना नहीं मिला तो धर्म का ही बहाना सही,
काट कर क्या करते हो ये तो बताओ? बता तो ये रहे हो कि तुमने बलि देवी को दी है, अल्लाह को दी है लेकिन बकरा गया तो तुम्हारे पेट में है। जिसकी वजह से जैन और बौद्ध पंतो की स्थापना करनी पड़ी वो यही था। पंडो-पुरोहितों ने वैदिक धर्म को इतना विकृत कर दिया था कि उसमें दिन-रात बलियाँ ही चल रही होती थीं। अब आप समझेंगे कि क्यों जैन और बौद्ध मत में अहिंसा पर इतना ज़ोर है। वो कौन सी हिंसा थी जो वो देख रहे थे और जिसके कारण उन्होंने कहा, “नहीं, हिंसा नहीं चाहिए,अहिंसा, अहिंसा।” क्या लोग मार रहे थे एक दूसरे को? नहीं, ये नहीं हो रहा था। मंदिर में, यज्ञ में, हवन में, पूजन में, सब छोटे-मोटे धर्मार्थ कार्यों में पशुओं की बलि दी जा रही थी।
पशुबलि से धर्म का दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है बल्कि पशुबलि धर्म के बिलकुल विपरीत है, चाहे वो कोई भी धर्म हो। पशुबलि धार्मिकता की आत्मा के ही ख़िलाफ़ है, चाहे उस धर्म का कोई भी नाम हो। एक बेज़ुबान निरीह जानवर को पकड़ कर काट दिया, उसका माँस पका कर खा गए, इससे कौन सी परम सत्ता आपको आशीर्वाद देने वाली है?
हरिद्वार के गायत्री शक्तिपीठ के श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने पशुबलि के विषय पर ही बहुत स्पष्ट और बहुत साफ़ प्रमाण के साथ कुछ बातें लिखी हैं। जो लोग इस विषय में और उत्सुकता रखते हों वो उस साहित्य को पढ़ लें। एक बात साफ़ समझ लीजिए — अगर आप अपने-आपको धार्मिक कहते हैं और पशुओं, जीव-जन्तुओं के साथ आपका हिंसा का, क्रूरता का नाता है तो आप कहीं से, किसी दृष्टि से, किसी कोण से धार्मिक नहीं हैं।
किसी को हक़ नहीं है किसी जानवर को काट देने का। और अगर कोई जानवर कट रहा है तो ये किसी का व्यक्तिगत मसला भी नहीं है। एक जीव पर किसी और का अधिकार नहीं हो सकता।
हमारी सभ्यता, संस्कृति अभी अविकसित हैं, अधूरे हैं इसलिए हम इस तरह के शब्दों का प्रयोग कर लेते हैं, कि पशुधन वगैरह। जब किसी की संपत्ति नापी जाती है तो उसमें कहते हैं पशुधन इतना। दुनियाभर में यही चलता है। पर ये बात बस यही दिखाती है कि अभी हम पूरे तरीके से इंसान हुए नहीं हैं। अभी भी हम एक जीव को दूसरे जीव की संपत्ति मान रहे हैं।
कोई जीव किसी दूसरे जीव की संपत्ति नहीं होता। कुछ सालों पहले तक, कुछ शताब्दियों पहले तक दुनिया के कुछ हिस्सों में औरतों को पुरुषों की संपत्ति ही माना जाता था। आज आप उन बातों को देखते हैं तो कहते हैं, “अरे, अरे, अरे! कैसा नीचता का विचार था ये।” कहते हैं न? और पहले माना जाता था कि औरत आदमी की संपत्ति है भई, उसका वो जो चाहे करे। कुछ जगहों पर यहाँ तक नियम थे कि अगर कोई आदमी अपनी औरत को मार दे तो उसे सज़ा नहीं हो सकती क्योंकि उसकी चीज़ थी, उसके जो मन में आया उसने करा।
अगर आदमी के मन ने तरक्की की, अगर संस्कृति का विकास हुआ तो आप देखिएगा एक दिन ऐसा आएगा जब जानवरों को भी तमाम वो सब अधिकार मिलेंगे जो इंसानों को हैं, कम-से-कम राइट टु लाइफ तो उन्हें ज़रूर मिलेगा। जीने का अधिकार तो उन्हें ज़रूर मिलेगा। उन्हें किसी की संपत्ति के तौर पर नहीं गिना जाएगा। आप ये नहीं कह पाएँगे, “अरे, इस कसाई के इतने बकरे हैं, उसके बकरे हैं, वो काट रहा है तो काट ले।” ये उसका व्यक्तिगत मसला नहीं है।
आचार्य प्रशान्त
वेदान्त मर्मज्ञ,लेखक,पूर्व सिविल सेवा अधिकारी
संस्थापक, प्रशान्त अद्वैत फाउंडेशन