बीमा पॉलिसी के रिन्यूअल के नाम पर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार
नोएडा : सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने बंद हो चुकी बीमा पॉलिसी के रिन्यू करने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से आठ मोबाइल, दो लैपटॉप, दो पेन ड्राइव, तीन डेबिट कार्ड एवं 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
एडिशनल डीसीपी नोएडा रणविजय सिंह ने बताया कि सेक्टर-18 स्थित चौखंडी बिल्डिंग के द्वितीय तल पर 12 हजार रुपये प्रतिमाह पर किराये का दफ्तर लेकर बीमा पॉलिसी के नवीनीकरण के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर खोलकर ठगी की जा रही थी। आरोपित पिछले पांच माह से वारदात को अंजाम दे रहे थे। आरोपित मोबाइल नंबर और नाम बदलकर लोगों से बात करते थे। गिरोह ने देशभर के अलग-अलग राज्यों के 50 से अधिक लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। गिरोह का सरगना इस्लाम हैं, जो पूर्व में बीमा कंपनी में काम कर चुका है। इसलिए उसके पास बंद पड़े बीमा पालिसी के खाता धारकों का नाम व पते की सूची थी, जिसके चलते वह ऐसे लोगों से ठगी कर रहा था। आरोपित ने दो महिलाओं को भी काम पर रखा था, जो ग्राहकों को फोन करती थीं। फिर झांसे में आए लोगों को आरोपित सर्विस चार्ज आदि के नाम पर विभिन्न खातों में रुपये ट्रांसफर करा लेते थे। आरोपी महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित अन्य राज्यों के लोगों से ठगी कर चुके हैं। आरोपियों ने जिन खातों में रुपये ट्रांसफर कराएं उन्हें सीज कराया जा रहा है।
