लूटी गयी कैब बरामद , तीन गिरफ्तार
नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र से चार दिन पूर्व लूटी गयी कैब को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान पकडे गये बदमाशों ने लूटपाट की कई वारदातें करनी स्वीकार की है।
पुलिस उपाधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पर्थला सीएनजी पंप के पास से हथियारबंद बदमाशों ने दिल्ली के त्रिलोकपुरी के रहने वाले कैब चालक विजय कुमार पुत्र छेदी लाल से 4 अक्टूबर को हथियार के बल पर उसकी कैब लूट लिया था। सीओ ने बताया कि मामले की जांच कर रही थाना फेस-3 पुलिस ने आज एक सूचना के आधार पर कैब लूटने वाले तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान इन्होंने अपना नाम मोनू यादव उर्फ अमित भूरा, मेहरबान पुत्र युसुफ, विनोद कुमार पुत्र लक्ष्मण सिंह को गिरफ्तार किया है। इनके दो साथी इरफान व पवन फरार हैं। सीओ ने बताया कि पकड़े गये बदमाशों के पास से पुलिस ने लूटी गयी स्विफ्ट कार, 1500 नगद व दो मोबाइल फोन बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पकड़े गये बदमाशों ने लूटपाट की कई वारदातें करनी स्वीकार की है। ये लोग कार लूटने के बाद उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कार चला रहे थे।