पुलिस चौकी के सामने महिला ने केरोसीन तेल डालकर खुद को किया आग के हवाले , झुलसी , देवर समेत इनपर लगाया मारपीट छेड़छाड़ का आरोप
नोएडा : यहाँ के पुलिस चौकी एनएसईजेड के सामने आज दोपहर एक महिला ने खुद के ऊपर केरोसीन तेल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद वहां हडक़ंप मच गया। तभी चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाकर झुलसी महिला को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। जहां महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रैफर कर दिया गया। इस पूरे मामले की जांच सेन्ट्रल नोएडा एसीपी वन को सौंपी गई है।
सेन्ट्रल नोएडा जोन एडीसीनी इलामारन गोविंदराजू ने बताया कि थाना फेज टू क्षेत्र के इलाहबांस गांव की रहने वाली सुनीता मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे एनएसईजेड पुलिस चौकी पर पहुंची। सुनीता ने ठीक चौकी के सामने खुद के ऊपर केरोसीन तेल डालकर आग लगा ली। तभी चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग को बुझाकर झुलसी महिला को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रैफर कर दिया गया है। एडीसीपी ने बताया कि महिला काफी झुलस गई थी इसीलिए उसे दिल्ली रैफर किया गया है। इस पूरे मामले की जांच सेन्ट्रल नोएडा एसीपी वन को सौंपी गई है। एसीपी की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पति ने लगाया पिता और भाई पर मारपीट का आरोप
पीडि़त महिला के पति सोनू ने बताया कि उसके चार भाई और पिता मंगत सभी मिलकर पत्नी के साथ मारपीट व छेडख़ानी करते थे। ये काम वे गांव के कुछ दंबगों के कहने पर करते थे। सोनू ने आरोप लगाया कि शादी के दो साल बाद ही मारपीट का ये सिलसिला शुरु हुआ। वे इस शादी से नाखुश थे और बहकावे में आकर पत्नी के साथ मारपीट करते रहे। पीडि़ता के पति व पत्नी ने थाने में मामले को लेकर कई बार शिकायत की। लेकिन पुलिस कार्रवाई करने के बजाए आरोपी पक्ष का ही साथ देते रहे।
14 साल पहले हुई शादी
पीडि़ता की शादी करीब 14 साल पहले इलाहबास गांव के निवासी सोनू से हुई। पीडि़ता बेहलोलपुर निवासी है। दोनों के चार बच्चे दो लडक़ी और दो लडक़े है। सोनू प्राइवेट नौकरी करता है। शादी के दो साल बाद गांव में दंबग लोगों से किसी बात को लेकर इनका झगड़ा हो गया। इसके बाद से वे लोग घर के बाकी सदस्य इन दोनों के पीछे लग गए। जब भी कोई बात होती दोनों के साथ मारपीट करते। तंग आकर पीडि़त महिला ने अपने को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस की थ्योरी
गौतमबुद्ध नगर जाइंट कमिश्नर लव कुमार ने बताया कि थाना फेज टू क्षेत्र के इलाहबांस गांव में सुनीता (31) पत्नी सोनू परिवार के साथ रहती है। सुनीता ने 20 फरवरी को पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि गांव के ही सुमित और नीरज उसे गांव में बदनाम कर रहे हैं। उसके बारे में उल्टी सीधी बातें गांव में फैला रहे हैं। इस मामले में नीरज की पत्नी और कुछ अन्य लोगों ने भी सुनीता के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। लोगों ने बताया कि सुनीता और उसके पति सोनू ने गांव में नीरज, सुमित और अन्य लोगों से काफी उधार रुपया लिया हुआ है। पैसा मांगने पर ही सुनीता ने उनके खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। इस मामले में थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने मामले की जांच थाने की ही एक महिला सब इंस्पेक्टर को सौंपी थी। सब इंस्पेक्टर अभी इस मामले में दोनों पक्षों से बारी-बारी पूछताछ कर रही थी।
