उपले टूट जाने को लेकर दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, 1 की मौत
उपले टूट जाने को लेकर दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, 1 की मौत
बिलासपुर(ख़ालिद सैफी)दनकौर क्षेत्र के दौला रजपुरा गांव में शनिवार को उपले टूट जाने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व पथराव हुआ। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। जिनको दनकौर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां एक की हालत ज्यादा खराब होने के चलते डॉक्टरों ने उसको ग्रेटर नोएडा के जिम्स हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मृतक के परिजनों ने कोतवाली में आरोपित गुट के खिलाफ शिकायत की है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया था।
जानकारी के मुताबिक, दौला रजपुरा गांव निवासी जाहिद(23) के खेत पर पथ रहे उपलों को पड़ोस के ही कासिम के परिवार के बच्चों ने खेलते वक्त शनिवार दोपहर तोड़ दिया था। बताया जाता है कि इस दौरान जाहिद और उसके परिवार के लोगों ने बच्चों को डांट फटकार लगा दी थी। जिसके चलते बच्चों ने घर पहुंचकर मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। आरोप है कि जिसके बाद बच्चों के परिजनों ने वहां पहुंचकर जाहिद और उसके परिवार के सालिम, वाहिद और कदीर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पथराव हुआ। इस घटना में दूसरे पक्ष कासिम, माजिद और साजिद भी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, इस विवाद में दोनों पक्षों के क़रीब 7 लोग घायल हुए है। जिनको परिवार के लोगों ने दनकौर के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक पक्ष के जाहिद की हालत ज्यादा खराब होने के चलते डॉक्टरों ने उसको ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने जाहिद को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में दूसरे पक्ष के एक युवक की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलते ही डीसीपी अमित कुमार और अडिशनल डीसीपी विशाल पांडे भी दनकौर पहुंच गए। तनाव को देखते हुए दोनों पक्षों के घर के पास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
उपले टूट जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। इस घटना में एक पक्ष के जाहिद की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर जांचकर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।-अमित कुमार, डीसीपी, ग्रेटर नोएडा।
