चुनावी ऐलान : सरकार बनी तो महिलाओं को तीन मुफ्त सिलेंडर व मुफ्त बस यात्रा का वादा- प्रियंका गांधी वाड्रा
लखनऊ । उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को ट्वीट के जरिए उत्तर प्रदेश की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपका हर दिन संघर्षों से भरा है। कांग्रेस पार्टी ने उसको समझते हुए आपके लिए अलग से एक महिला घोषणा पत्र तैयार किया है। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर सालाना तीन सिलेंडर मुफ्त दिए जाएगे। प्रदेश की सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। आशा और आंगनबाड़ी की कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। नए सरकारी पदों पर आरक्षण के प्रावधानों के अनुसार 40 प्रतिशत पदों पर महिलाओं की नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ उन्होंने कहा कि 1000 रुपये प्रतिमाह वृद्धा-विधवा पेंशन दी जाएगी। उत्तर प्रदेश की धरती की वीरांगनाओं के नाम पर 75 दक्षता विद्यालय खोले जाएंगे।
कांग्रेस पार्टी 40% टिकट महिलाओं को देगी।
छात्राओं को स्मार्ट फोन और स्कूटी देगी। pic.twitter.com/C9yIZWnpUK
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) November 1, 2021
कांग्रेस के इस नए दांव को नौकरी पेशा वर्ग की महिलाओं और गृहणियों को आकर्षित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की इस घोषणा को जन-जन तक पहुंचाने और इंटरनेट मीडिया पर इसके बारे में पोस्ट करने की अपील की है। बता दें कि निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार पहली जनवरी, 2021 को प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 14.585 करोड़ थी जिसमें 6.7 करोड़ महिलाएं थीं।