ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली शर्ट बेचने वाला शख्स गिरफ्तार
नोएडा । ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली शर्ट बेचने वाले एक व्यक्ति को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने 231 ब्रांडेड कंपनी के स्टीकर लगे हुए नकली शर्ट बरामद किया है।
थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि एलेन- सोले नामक कंपनी के अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने थाना सेक्टर 20 पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति उनके कंपनी के नाम से नकली शर्ट बनाकर मार्केट में बेच रहा है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर 27 से अनुराग शर्मा को गिरफ्तार किया। इसके पास से 231 एलेन सोले ब्रांड की स्टीकर लगी हुई नकली शर्ट बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया है कि वह मोटी कमाई करने की नियत से ब्रांडेड कंपनी का स्टिकर लगाकर नकली शर्ट बनाकर मार्केट में बेचता है।
