महापंचायत में होगी तीन कृषि कानूनों को वापस कराने की रणनीति तय- राजेश चौहान
महापंचायत में होगी तीन कृषि कानूनों को वापस कराने की रणनीति तय- राजेश चौहान
दनकौर(खालिद सैफी): भाकियू अराजनैतिक संगठन के किसानों की दनकौर में स्थित कैंप कार्यालय पर रविवार को पंचायत हुई। पंचायत का संचालन मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा ने किया। पंचायत में पहुंचे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश चौहान ने किसानों से कहा कि 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत में तीन कृषि कानूनों को वापस कराने की रणनीति तय की जाएगी। इसलिए जिले से अधिक से अधिक संख्या में किसान महापंचायत में पहुंचे। साथ ही व्यापार मंडल दनकौर के अध्यक्ष रजनीकांत अग्रवाल ने भी किसानों के समर्थन में आने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब 9 माह से किसान तीन कृषि कानूनों के विरोध में गाजीपुर बॉर्डर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र सरकार से किसानों की करीब 11 दौर की वार्ता के बाद भी किसानों की समस्या का समाधान नहीं हुआ है। साथ ही हरियाणा के करनाल में शांति पूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों पर सरकार द्वारा लाठीचार्ज कर बर्बरता दर्शाई गई है। इसके विरोध में मुजफ्फरनगर में महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस महापंचायत में प्रदेश समेत हरियाणा, राजस्थान व मध्य प्रदेश आदि से किसान लाखों की संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारी किसानों का शोषण कर रहे हैं। इस दौरान महेंद्र सिंह, पूरन पहलवान, महेंद्र मुखिया, नरेंद्र नागर, बॉबी नागर, दया प्रधान, जीवन सिंह, ओमप्रकाश प्रधान, अनीत कसाना, पवन खटाना, सुभाष चौधरी, सुनील प्रधान, दिनेश शर्मा व विभोर शर्मा आदि समेत सैंकड़ो किसान मौजूद रहे।