Delhi cloverleaf: नोएडा-दिल्ली लिंक रोड पर जाम से मिली मुक्ति, एक साथ शुरू हुए 2 क्लोवरलीफ
नई दिल्ली। दिल्ली-नोएडा लिंक रोड पर जाम से छुटकारा दिलाने के लिए अब मयूर विहार फेज-एक के पास दो लूप (क्लोवरलीफ) शुरू हो गया है। इससे अब नोएडा से मयूर विहार फेज-एक और मयूर विहार फेज-एक से अक्षरधाम मंदिर की तरफ आने वाले लोगों का समय और ईंधन दोनों बचेगा। पहले नोएडा से मयूर विहार फेज-एक आने के लिए एक किलोमीटर आगे चलकर एनएच-9 के पास से यूटर्न लेना पड़ता था। वहीं मयूर विहार फेज एक से अक्षरधाम मंदिर की तरफ आने के लिए भी करीब 700 मीटर आगे चलकर यूटर्न लेना पड़ता था। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस लूप के साथ सर्विस रोड, रैंप और साइकिल ट्रैक का भी यहां पर शुभारंभ कर दिया। उनके साथ उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन मौजूद रहे।
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब यहां के लोगों को यातायात जाम से मुक्ति मिलेगी। जब से आप की सरकार बनी है, ढांचागत विकास पर जोर दिया जा रहा है। पिछले छह-सात सालों में बहुत से योजनाओं को पूरा किया गया है। समय से पहले और अनुमानित लागत से कम पर काम पूरा हुआ है। क्योंकि दिल्ली में ईमानदार सरकार है। दिल्ली में ढांचागत विकास को नए आयाम पर ले जाने की तैयारी चल रही है।