फंदे से लटकी मिली विवाहिता, दहेज़ हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर क्षेत्र के कस्बा सूरजपुर में ब्याही एक 23 वर्षीय महिला का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला है । महिला के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि दिल्ली के घड़ौली गांव की रहने वाली आॅचल की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व कस्बा सूरजपुर में रहने वाले रवि के साथ हुई थी। आज सुबह को आॅचल अपने घर पर फंदे से लटकी मिली। उसके ससुराल वालों ने गंभीर हालत में उसे ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया वहां पर डाॅक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस बात का पता चलेगा कि महिला ने आत्महत्या किया है या उसकी हत्या की गयी है। उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।