भाजपा ने पूछा: राज्यों ने जब ऑक्सीजन की कमी से मौत का आंकड़ा दिया ही नहीं तो क्या कहें?
केंद्र सरकार के ऑक्सीजन की कमी से मौत नहीं होने वाले बयान पर सियासत तेज हो गई है। विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। वहीं सरकार की ओर से विपक्ष के आरोपों को निराधार बताया जा रहा है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। संबित पात्रा ने कहा कि किसी भी राज्य ने नहीं कहा कि ऑक्सीजन की कमी से मौत हुई है। राज्यों ने मौत के बारे में कोई आंकड़ा भेजा ही नहीं तो क्या जानकारी दी जाएगी। विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल का दोहरा रवैया सामने आया है। राहुल गांधी इस मुद्दे पर भ्रम फैला रहे हैं। संबित पात्रा ने शिवसेना नेता संजय राउत पर भी तंज कसा। पात्रा ने कहा कि संजय राउत झूठ का सहारा लेकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।
किसी भी राज्य ने ऑक्सीजन की कमी को लेकर हुई मृत्यु पर कोई आंकड़ा नहीं भेजा। किसी ने ये नहीं कहा कि उनके राज्य में ऑक्सीजन की कमी को लेकर मौत हुई है।
– डॉ @sambitswaraj pic.twitter.com/TjtQg2KXJj
— BJP (@BJP4India) July 21, 2021
केजरीवाल और सिसोदिया बताएं कि केंद्र को उन्होंने क्या डेटा भेजा?
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आप सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया बताएं कि क्या आपकी सरकार ने केंद्र को जो आंकड़े दिए हैं, उसमें से एक भी मरीज की मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई है। पात्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार की समिति ने उच्च न्यायालय को बताया था कि इस बात को साबित करने के कोई सबूत नहीं है कि 23 और 24 अप्रैल की रात जयपुर गोल्डन अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से करीब 21 लोगों की मौत हुई।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने भी बंबई उच्च न्यायालय से कहा था कि ऑक्सीजन की कमी से किसी की मौत नहीं हुई और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंह देव ने भी इसी प्रकार के दावे किए। उन्होंने कहा कि गांधी को ट्विटर पर ‘‘झूठ बोलने’’ के बजाए उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात करनी चाहिए, जहां उनकी पार्टी सत्ता में है।