टूट गई सूफी गायक सैन ब्रदर्स की जोड़ी, हिमाचल की करेरी नदी में डूबने से एक भाई की मौत
सूफियाना गायकी से लोगों को मदहोश करने वाले सूफी गायक मनमीत सिंह और उनके भाई किरनपाल सिंह अब एक साथ कव्वाली करते हुए नजर नहीं आएंगे। सैन ब्रदर्स के नाम से मशहूर दोनों भाइयों की जोड़ी टूट गई है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में अपने छोटे भाई किरनपाल सिंह सहित पांच लोगों के साथ घूमने गए मनमीत सिंह (31) पैर फिसलने के कारण बाढ़ की चपेट में आ गए थे। पानी में बह जाने से उनकी मौत हो गई। उनके शव को 28 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार देर रात करेरी नदी से बरामद कर लिया गया।
शव का पोस्टमॉर्टम करवा दिया गया है और उसे अमृतसर लाने की तैयारी की जा रही है। छेहरटा के रहने वाले मनमीत सिंह का शव शाम साढ़े चार पांच बजे तक अमृतसर पहुंचेगा और उसके अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि 10-11 जुलाई की रात साढ़े 11 बजे मनमीत और किरनपालसिंह अपने चार दोस्त अभय, हैरी, सूरज और रणवीर सिंह के साथ अपनी गाड़ी में हिमाचल के धर्मशाला में घूमने गए थे। सभी को मंगलवार को वापस आना था। सोमवार सुबह धर्मशाला में बादल फट गए। इस दौरान मनमीत का पैर फिसल गया और वह पानी के बहाव में बह गया। पहले परिवार वाले उम्मीद लगाए बैठे थे कि उनका बेटा बच जाएगा, लेकिन गत रात करेरी नदी से उनका शव बरामद कर लिया गया।
बता दें कि सोमवार को आई आफत की बारिश ने हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में करोड़ों रुपये के जान माल का नुकसान पहुंचाया है। मांझी खड्ड में आए उफान से चैतडू में, भागसू नाग नाले में आए उफान ने भागसू में, बोह दरिणी में भूस्खलन से, राजोल में गज खड्ड किनारे भारी नुकसान हुआ था।
मनमीत सिंह सिंगिग ग्रुप सेन ब्रदर्स के नाम से मशहूर
मनमीत सिंह का सिंगिग ग्रुप सैन ब्रदर्स के नाम से मशहूर है और वह देश व विदेश में शो करते रहे हैं। मनमीत सिंह की मौत से उनके चाहने वाले काफी आहत हैं।
