Monsoon Latest Update: समय से पहले पहुंचा मानसून, यूपी-बिहार में अलर्ट जारी
नई दिल्ली, एजेंसी। मानसून मध्य प्रदेश और गुजरात पहुंच गया है। मध्य प्रदेश में मानसून अनुमान से 7 दिन पहले पहुंच गया है। बंगाल की खाड़ी में उत्तर पश्चिम की तरफ कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे ओडिशा और गंगा से लगे पश्चिम बंगाल के इलाकों में तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से ओडिशा, पश्चिम बंगाल, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश, सिक्किम, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल, मराठवाड़ा और विदर्भ, तमिलनाडु, रायलसीमा, लक्षद्वीप, आंतरिक कर्नाटक व दक्षिण गुजरात में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दो दिनों में बंगाल-झारखंड के सभी इलाकों तक पहुंच जाएगा मानसून
भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अच्छी गति से आगे बढ़ रहा है और अगले दो दिनों में यह बंगाल और झारखंड के सभी इलाकों तक पहुंच जाएगा। IMD के अनुसार, मानसून दक्षिण गुजरात के कुछ और इलाकों, महाराष्ट्र के बचे हुए इलाकों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, दक्षिण मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और दक्षिण गुजरात भी पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के गुजरात के कुछ और हिस्सों, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के बाकी बचे इलाकों, पूरे बंगाल और झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में अगले 48 घंटे में पहुंचने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।