कोरोना संक्रमण रोकने के लिए पीएम मोदी का पांच सूत्रीय रणनीति पर जोर, राज्यों में केंद्रीय टीम भेजने के दिए निर्देश
जागरण
। तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना संक्रमण की रफ्तार को रोकने में मिल रही नाकामी और टीकाकरण में मनमाफिक तेजी नहीं आ पाने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उच्चाधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा की। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए पांच सूत्रीय रणनीति यानी टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट, उचित कोविड व्यवहार और टीकाकरण को जरूरी बताया। अधिक केस और मृत्युदर वाले राज्यों- महाराष्ट्र, पंजाब और छत्तीसगढ़ के लिए तत्काल केंद्रीय टीमें रवाना करने के निर्देश दिए। साथ ही हर हाल में महामारी से होने वाली मौतों को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कोरोना रोधी वैक्सीन की उपलब्धता, वैक्सीन उत्पादकों की मौजूदा क्षमता और नए वैक्सीन पर हो रहे ट्रायल पर विस्तृत जानकारी पेश की। उन्होंने बताया कि देश में वैक्सीन की फिलहाल कोई कमी नहीं है और वैक्सीन निर्माता अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाने को लेकर प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही उत्पादन में नए निर्माताओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि देश में वैक्सीन की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ जरूरतमंद देशों को भी इसकी सप्लाई सुनिश्चित की जा सके।
टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय राज्यों के संपर्क में
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार बैठक में कोरोना के टीकाकरण की रफ्तार नहीं बढ़ पाने के मसले पर भी चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए टीकाकरण खोलने के बाद पहले दिन 36.7 लाख डोज लगाए गए, लेकिन उसके बाद इसमें लगातार कमी आ रही है। जबकि, सरकार का लक्ष्य प्रतिदिन औसतन 50 लाख लोगों के टीकाकरण का है। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना था कि टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए वह लगातार राज्यों के संपर्क में है और इसमें आ रही दिक्कतों को दूर करने में उनकी मदद की जा रही है। मंत्रालय पहले ही अप्रैल महीने में छुट्टी के दिन भी टीका लगाने का निर्देश दे चुका है
प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र, पंजाब और छत्तीसगढ़ में गंभीर होते हालात की जानकारी दी गई। पिछले 14 दिनों में देश में आए कोरोना के कुल मामलों में से अकेले महाराष्ट्र से 57 फीसद हैं। इसी तरह से 14 दिनों में कोरोना से हुई कुल मौतों में महाराष्ट्र में 47 फीसद हुई हैं। वैसे इस दौरान पंजाब में 4.5 फीसद कोरोना के केस आए हैं, लेकिन मरने वालों में उसका अनुपात 16.3 फीसद है। इसी तरह से छत्तीसगढ़ में 4.3 फीसद केस के बावजूद मरने वालों का अनुपात सात फीसद है। प्रधानमंत्री ने इन तीनों राज्यों में तत्काल केंद्रीय टीमें रवाना करने का निर्देश दिया।
100 फीसद मास्क के लिए विशेष अभियान
बैठक में 100 फीसद मास्क का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों और स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वच्छता के लिए छह से 14 अप्रैल तक पूरे देश में विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री का कहना था कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई मिशन मोड पर जारी रहनी चाहिए, ताकि पिछले 15 महीनों की उपलब्धियों पर पानी फिरने से रोका जा सके।
