राजस्थान : किसान नेता राकेश टिकैत के काफिले पर अलवर में पथराव, कार के शीशे टूटे
राजस्थान के अलवर जिले में एक रैली को संबोधित करने जा रहे किसान नेता राकेश टिकैत के काफिले पर शुक्रवार को कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान टिकैत की कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
पथराव की घटना ततारपुर चौराहे पर हुई। उस वक्त टिकैत जिले में अपनी दूसरी रैली को संबोधित करने जा रहे थे। शुक्रवार को उन्होंने अलवर जिले में दो रैलियों को संबोधित किया। भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक राम मूर्ति जोशी ने बताया कि पथराव के वक्त टिकैत अपनी कार में नहीं थे। घटना में किसी को चोंट नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार पथराव से कार की पिछले हिस्से का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने पथराव करने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक छात्र नेता भी शामिल है। टिकैत ने ट्वीट कर घटना की जानकारी दी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान के अलवर जिले के ततारपुर चौराहा, बानसूर रोड़ पर भाजपा के गुंडों द्वारा जानलेवा पर हमला किया गया।
हमले के विरोध में यूपी बॉर्डर पर किसान भड़के, लगाया जाम
अलवर में टिकैत की गाड़ी पर हुए हमले के विरोध में दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना को लेकर किसान लगातार नारेबाजी करने लगे। यूपी गेट पर किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की लेन को बंद कर जाम लगा दिया। वहीं हापुड़ के भी आक्रोशित किसानों ने ततारपुर के निकट एनएच-9 को जाम कर दिया। ऐसे में स्थिति को संभालने के लिए भारी संख्या में पुलिस मौके पर भेजा गया।
