बेरोजगार युवाओं को खाद-बीज की दुकान का लाइसेंस देगी योगी सरकार
अगर आप उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और बेरोजगार हैं तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। राज्य की योगी सरकार ने कृषि विषय से ग्रेजुएशन एवं पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके बेरोजगार युवकों के लिए प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना शुरू की है। योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को खाद, बीज और कीटनाशक बेचने का लाइसेंस नि:शुल्क दिया जाएगा।
गौतमबुद्ध जनपद में यह योजना अप्रैल माह से शुरू होगी। प्रदेश सरकार ने कृषि विभाग के माध्यम से कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना शुरू कर रही है। इसके लिए जनपद गौतमबुद्ध नगर के तीन विकास खंडों में एग्री जंक्शन केंद्र खोले जाएंगे। कृषि विज्ञान विषय में स्नातक व परास्नातक कर चुके बेरोजगारों का इस योजना के तहत चयन किया जाएगा।
बेरोजगारों का चयन होने के बाद बैंक से साढ़े तीन लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया जाएगा। लोन पर लगने वाला पांच प्रतिशत ब्याज एकमुश्त कृषि विभाग जमा करेगा।
भवन का एक साल का किराया भी विभाग देगा : बेरोजगारों को खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाएं बेचने का फ्री लाइसेंस एवं प्रशिक्षण भी मंडल स्तर पर दिया जाएगा। जिस भवन में केंद्र खोला जाएगा, उसका एक साल का किराया कृषि विभाग देगा।
”अप्रैल 2021 से जनपद गौतमबु्द्ध नगर में यह योजना शुरू हो रही है। इससे बेरोजगार युवकों को रोजगार मिल सकेगा।” – डॉ. मनवीर सिंह, उपनिदेशक, कृषि विभाग
