गौतमबुद्धनगर पुलिस का मानवीय चेहरा आया सामने, सोशल मीडिया पर मिल रही है शाबासी
ग्रेटर नोएडा : बिसरख क्षेत्र में ट्रेन से गिरकर घायल युवक को पुलिस कांस्टेबल द्वारा कंधे पर लादकर अस्पताल पहुँचाया गया।
वहीँ नोएडा में ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक पायलट जिसका ईंधन ख़त्म हो गया था और कार में भी खराबी आ गई थी , ट्रैफिक पुलिस कर्मी द्वारा मदद पहुँचाया गया। जब नोएडा पुलिस का ये मानवीय चेहरा सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, उसके बाद से ही सोशल मीडिया पर इन पुलिसकर्मियों की चौतरफा सराहना की जा रही है। जनता से शाबासी मिलने पर एसएसपी लव कुमार ने इन कर्तव्य परायण पुलिसकर्मियों को पुलिस कार्यालय में सम्मानित करने का फैसला किया है।
बिसरख कोतवाली क्षेत्र के चिपयाना बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रेक के पास झाडियों के पास एक युवक के घायल अवस्था में पडा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे चिपयाना बुजुर्ग चैकी प्रभारी अपने साथ सिपाही लेकर पहुंचे और घायल युवक को अपने कंधे पर डालकर नजदीक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के इस मानवीय चेहरे को सोशल मीडिया पर सराहना की जा रही है हैं। पुलिस के इस मानवीय कार्यकी लोग तारीफ कर रहे हैं।
बिसरख कोतवाली क्षेत्र के चिपियाना बुजुर्ग गांव के पास बनी रेलवे ट्रेक पर चलती ट्रेन से गिरकर घायल होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर मौके पर पहुंचे और घायल युवक को कंधे पर डालकर गांव के नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया । चिपियाना बुजुर्ग चैकी प्रभारी गंगा सहाय सत्संगी ने बताया कि रात लगभग 8 बजे कंट्रोल रूम से चिपियाना बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे झाडियों में एक युवक के पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। चैकी प्रभारी अपने साथ कांस्टेबल युगदीप और रामनिवास को लेकर वाहन को सड़क पर खड़ा कर मौके की ओर चल दिए। रात के अंधेरे में टार्च की रोशनी में झाडियों में देखते हुए वह लगभग डेढ़ किमी पहुंचे। तब जाकर झाडियों में पड़ा हुआ युवक पुलिस टीम को दिखाई दिया। मौके पर किसी वाहन को नहीं ले जा सकता था। इसके चलते चैकी प्रभारी के निर्देश पर कांस्टेबल ने ही घायल युवक को कंधे पर उठा लिया। ट्रैक किनारे अंधेरे में घायल को ले जाने में परेशानी हो रही थी। इसके चलते आधी दूरी के बाद दूसरे कांस्टेबल ने घायल को अपने कंधे पर उठाया और फिर सड़क पर पहुंच गए। यहां से ऑटो में घायल को चिपियाना स्थित निजी अस्पताल तक पहुंचाकर उसकी जान बचाई गई। घायल की पहचान खुर्जा के फलैदा गांव निवासी विनोद के रूप में हुई है। वह दिल्ली से खुर्जा जाने के दौरान पैसेंजर ट्रेन से गिरकर घायल हो गया था।
इधर नोएडा में एयर इंडिया एयरलाइन्स के पायलट अभिषेक माथुर सपरिवार लखनऊ से स्कार्पियो पर सवार होकर दिल्ली लौट रहे थे। महामाया फ्लाईओवर के पास पेट्रोल खत्म होने के कारण उनकी गाडी बन्द हो गयी। ट्रैफिक आरक्षी राहुल अत्री ने मौके पर पहुंच कर स्वयं अपनी कार से जाकर उनके लिए पेट्रोल लाकर दिया। उसके बावजूद जब गाडी स्टार्ट नहीं हुई तो अपनी कार से जाकर मैकेनिक को लेकर आया और गाडी ठीक करवा कर माथुर परिवार को सकुशल रवाना कराया।
उक्त पुलिसकर्मियों द्वारा किये गए इन मानवीय सहायता के कार्यों पर एस एस पी गौतमबुद्धनगर लव कुमार द्वारा इन सभी को बुधवार को पुलिस कार्यालय में पुरस्कृत किया जाएगा।
