मुख्यमंत्री का पुतला फुंकने वाले दर्जनों सपा कार्यकर्ता गिरफ्तार
नोएडा।प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने को लेकर नोएडा महानगर के सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। सपा के नोएडा महानगर प्रभारी बीर सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-18 व 27 चैराहें पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका। उग्र कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सीएम योगी के खिलाफ जमकर नारे लगाए। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सपा के दर्जनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
महानगर प्रभारी बीर सिंह यादव ने बताया कि पुतला दहन के दौरान एमएलसी राकेश यादव सहित हजारों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कानून व्यवस्था को दुरूस्त करने में नाकाम साबित हुई है। प्रदेश सरकार अपनी नाकामी को छिपाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं पर जुल्म ढा रही है। प्रदेश सरकार की हर नाकामी को उजागर किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने इसलिए हिरासत में लिया ताकि सच्चाई आम जनता के सामने ना आ जाये। उन्होंने कहा कि सरकार की हर तानाशाही का जवाब सपा कार्यकर्ता देंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने से सपा के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं है।
पुलिस ने प्रभारी बीर सिंह यादव, सपा के नोएडा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी , नोएडा विधानसभा के पूर्व महानगर अध्यक्ष ओमपाल राणा, दिनेश प्रधान, भरत प्रधान, अनिल पंडित, वीरपाल अवाना, गौरव यादव, डा. आश्रय गुप्ता, विनोद सैफई, मोनू खारी व विकास यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जब सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर सेक्टर-20 कोतवाली ले आई तब सपा कार्यकर्ताओं का हुजुम देख पुलिस के होश उड़ गये। पुलिस ने सपा के गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को तत्काल पुलिस लाईन भेज दिया।