मोबाईल पार्ट्स चोरी का पर्दाफाश, पूर्व कर्मचारियों ने कराई चोरी , चार गिरफ्तार
नोएडा : फेज टू कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर 82 में निजी कंपनी में हुई करीब 60 लाख रुपये के मोबाइल पार्ट्स चोरी के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मनोरंजन उर्फ मोनू निवासी उड़ीसा, मोहित पसरीजा व तरूण निवासी मॉडल टाउन रोहतक और सचिन निवासी लुहारू भिवानी के रूप में हुई। इनके पास से चोरी गए करीब नौ लाख रुपये के 142 सैमसंग एलईडी डिस्पले व चोरी में इस्तेमाल बैग बरामद हुआ है। वारदात में शमिल दो अन्य आरोपी आदित्य उर्फ सोनू निवासी घिनाह गाजीपुर और दिवेश निवासी कंचनपुर प्रतापगढ़ फरार है।
कंपनी के तीन पूर्व कर्मचारियों ने दिया वारदात को अंजाम
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 82 स्थित एलेनटेक मैन्युफेक्चरिंग कंपनी में चोरी हुई थी। गिरफ्तार आरोपी मनोरंजन और फरार आरोपी आदित्य और दिवेश इस कंपनी के पहले कर्मचारी रह चुके हैं। दो जुलाई की रात मनोरंजन और आदित्य कंपनी के बेसमेंट के झरोखे के रास्ते घुसकर वारदात को अंजाम दिए थे। वारदात के दौरान दिवेश वहीं सड़क पर मौजूद था। वारदात को अंजाम देते दो बदमाशों की तस्वीर कैमरे में कैद हुई थी। गिरफ्तार तीन अन्य आरोपी मोहित व तरूण का दिल्ली के करोल बाग में जबकि सचिन की शास्त्री नगर दिल्ली में दुकान है।
इन आरोपियों ने चोरी का सामान खरीदा था। गिरफ्तारी के दौरान भी आरोपी चोरी का सामान लेने के लिए ही पहुंचे थे। आरोपी इससे पहले भी चोरी का सामान खरीद चुके हैं।
1100 एलईडी डिस्पले हुए थे चोरी
एसपी सिटी ने बताया कि एलेनटेक मैन्युफैक्चरिंग कंपनी से करीब 11 सौ सैमसंग एलईडी पीस चोरी हुए थे। जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये थी। यह कंपनी केवल सैमसंग के लिए सामान बनाती है। मोहित, सचिन और तरूण ने कंपनी के पूर्व कर्मचारियों से मिलकर चोरी कराई थी।
