बिहार के पूर्व सीएम के फ़्लैट में हुई चोरी का नोएडा पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार
नोएडा। बिहार के पूर्व सीएम स्वर्गीय जगन्नाथ मिश्र के दिल्ली द्वारका स्थित फ्लैट से लाखों रूपये की नगदी व आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नोएडा की सेक्टर 58 थाना पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्कोतार किया है . गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके कब्जे से 15 लाख रूपये से अधिक नगद व आभूषण बरामद हुआ है। एनसीआर में सक्रिय यह गिरोह कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। गिरोह के तीन सदस्य अभी भी फरार हैं,जिनकी तलाश की जा रही है। इस गिरोह के नोएडा में चोरी की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। नोएडा पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सूचना दे दी है। ज्ञात हो कि पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र का गत दिनों निधन हो गया था।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि नोएडा सेक्टर-62 स्थित पीएमओ सोसायटी के दो फ्लैटों में 20 दिन पहले हुई चोरी की घटना की जांच पड़ताल कर रही सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस को सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस के जरिए महत्वपूर्ण जानकारी मिली। चोरी करने वाले गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस ने बुधवार देर रात सेक्टर-62 छोटा डी पार्क के पास से गिरोह के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया,जिनकी पहचान हरि प्रकाश उर्फ काला निवासी नरेला दिल्ली, हरीश उर्फ मुकेश निवासी संत कबीर नगर हाल पता कमल विहार दिल्ली व मोहन वर्मा निवासी अलीगढ़ व हाल पता मुकुंदपुर दिल्ली के रूप में हुई है।
आरोपियों से पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला पर्दाफाश हुआ। आरोपियों ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय जगन्नाथ मिश्र के दिल्ली द्वारका स्थित फ्लैट से बीते 20 नवंबर को 54 लाख रूपये की नगदी और आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पूर्व मुख्यमंत्री के फ्लैट से चोरी की गई नगदी में से 15 लाख 40 हजार रूपये, दो चेन, एक टीका,हार व अन्य सामान बरामद किया है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मोहन वर्मा पेशे से सुनार है,जिसके द्वारा 25 हजार रूपये प्रति 10 ग्राम की दर से सोने के आभूषण खरीदे जाते थे। अभियुक्त हरिप्रकाश के विरुद्ध हत्या, चोरी, नकबजनी के कई मुकदमें दर्ज हैं। हरिप्रकाश पिछले 10 वर्षो में लगभग 6 साल जेल में रहा है। अभियुक्त हरीश के विरुद्ध भी हत्या, लूट व चोरी के मामले दर्ज हैं। गिरोह के तीन सदस्य एजाज उर्फ जलेबी निवासी जहांगीरपुर दिल्ली, पूरन उर्फ सन्नी व प्रिंस उर्फ वेदपाल निवासी मुकंदपुर दिल्ली फरार हैं। गिरोह के सरगना हरि प्रकाश पर दिल्ली में हत्या की दो घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। जेल के अंदर ही उसने गिरोह के अन्य साथियों से बातचीत कर गिरोह बना लिया था। जेल से छूटने के बाद वह चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा।
