बाईक सवार बदमाशों का आतंक , स्क्रैप व्यापारी से लूटी नगदी
ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित तिलपता चौक के निकट बाइक सवार बदमाशों ने स्क्रैप व्यापारी से 50 हजार रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी को जान से मारने की धमकी तक दे डाली । पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से गाजियाबाद के रहने वाले स्क्रैप व्यापारी बिलाल आज दोपहर किसी काम से ग्रेटर नोएडा आये थे। जब वह सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के तिलपता चौक के समीप पहुुंचे तो बाइक सवार दो बदमाशों ने उसको ओवरटेक करके रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता बदमाशों ने उससे 50 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित के मुताबिक उसकी जेब में सौ के कई और नोट थे जो कि बदमाश नहीं ले गए। बदमाशों ने 50 हजार की गड्डी पर झपट्टा मारा और लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने लूट की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र सिंह दीक्षित ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
