अवैध वसूली करने से रोका तो टोल मैनेजर की कर दी पिटाई
ग्रेटर नोएडा। यहाँ के दादरी कोतवाली क्षेत्र के गांव बील पर स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर टोल मैनेजर ने जब अवैध वसूली करने से रोका तो उलटे उसकी ही पिटाई हो गई। दबंगों ने टोल मैनेजर को लाठी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की तहरीर दादरी कोतवाली में दे दी गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक दादरी कोतवाली क्षेत्र के गांव बील के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे का टोल प्लॉजा बना है। टोल पर गाजीपुर के रहने वाले सुरेंद्र कुमार मैनेजर है। टोल पर रात के समय कुछ कर्मचारी वाहनों को बिना टोल लिये निकाल देते थे और उस पैसे को अपनी जेब में रख लेते थे। जिससे रात के समय टोल राजस्व की भारी क्षति हो रही थी। सुरेंद्र कुमार को जब यह पता चला तो उसने सख्ती शुरू कर दी और टोल चोरी पर अंकुश लगा दिया। गत बुधवार की रात वह अपनी मोटरसाइिकल से अपने कमरे पर गांव बील जा रहे थे। तभी टोल और गांव बील के बीच एक पुलिया पर बाइक सवार दो लोगों ने उसे रोक लिया और लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और घायल हो गया। शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गये। सूचना मिलते ही टोल प्लॉजा का स्टाफ मौके पर पहुंच गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। दादरी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह का कहना है कि घटना की तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी।