इंजीनीयर, ठेकेदार और सुरक्षा गार्ड करा रहे थे मेट्रो साईट से सामान चोरी, सूरजपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा : यहाँ के मेट्रो की निर्माणाधीन साइट से माल चोरी कराने वाले इंजीनियर, ठेकेदार व सुरक्षागार्ड को सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों का चोरी में हिस्सा होता था। चोरी में बराबर के हिस्सेदार गाड़ी मालिक व चालक मौके से पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। जैतपुर गांव में ग्रेटर नोएडा मेट्रो का कार्य देख रही निर्माण एजेंसी सैम इंडिया की तरफ से चोरी का मुकदमा सूरजपुर कोतवाली में दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि चोरी में एजेंसी के लोग ही शामिल हैं। इसके बाद पुलिस ने एजेंसी के इंजीनियर समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
सीओ प्रथम अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि जैतपुर गांव में ग्रेटर नोएडा मेट्रो डिपो का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण एजेंसी सैम इंडिया की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया था कि मेट्रो की साइट से लगातार सामान चोरी किया जा रहा है। करीब बीस लाख का सामान चोर चोरी कर चुके हैं। जांच के दौरान पता चला कि बीस लाख के सामान चोरी में साइट पर काम करने वाले निर्माण एजेंसी के इंजीनियर, ठेकेदार, सुरक्षागार्ड, कैंटर मालिक व चालक की भूमिका है। चोरी के सामान को कैंटर से मेट्रो की साइट से बाहर निकाला जाता था। पुलिस ने इस मामले में वाराणसी के रहने वाले इंजीनियर विपिन, शामली के रहने वाले ठेकेदार व दादरी के रहने वाले सुरक्षागार्ड हरपाल को देर रात जैतपुर गोलचक्कर के समीप से गिरफ्तार किया है। मौके से कैंटर मालिक व चालक फरार हो गए। आरोपियों के पास से मेट्रो की साइट से चोरी किया गया लोहे का 283 पाइप, स्टैंड पाई, 40 लेजर पाइप, दो पीस यू जैक, 25 शट¨रग चैनल, एक एलपीजी सिलेंडर, एक आक्सीजन सिलेंडर, सात ट्यूब पाइप बरामद किया गया है।
इतना मिलता था हिस्सा :
पुलिस की जांच में पता चला है कि एक कैंटर भरा सामान चोरी करवाने पर इंजीनियर को एक लाख, ठेकेदार को पचास हजार, कैंटर मालिक को बीस हजार, चालक को दस व सुरक्षा गार्ड को दस हजार रुपये का हिस्सा मिलता था। कैंटर में करीब 15 से 20 लाख रुपये का सामान होता था। पुलिस उस कबाड़ी की भी तलाश कर रही है, जिसे यह चोरी का सामान बेचते थे।
