अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी अटैक, सात की मौत , दिल्ली में हाई अलर्ट
अनंतनाग : जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों ने अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाया है। आतंकियों ने सोमवार को अनंतनाग जिले के बानटिंगू में दो अलग-अलग जगहों पर तीर्थयात्रियों और उनकी सुरक्षा में लगे पुलिस दल पर हमला किया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी मुनीर खान के मुताबिक हमले में 7 लोगों की मौत हुई है जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। मारे गए लोगों में 5 महिलाएं बताई जा रही हैं।
दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू हाइवे पर आतंकियों ने पुलिस दल पर घात लगाकर फायरिंग की। 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 5 लोगों की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। आतंकी हमले के बाद श्रीनगर-जम्मू हाइवे पर यातायात बंद है। आतंकियों ने तीर्थयात्रियों की एक बस को भी निशाना बनाया और उसपर अंधाधुंध फायरिंग की। बस के बारे में बताया जा रहा है कि वह काफिले का हिस्सा नहीं थी और न ही अमरनाथ श्राइन बोर्ड में उसका रजिस्ट्रेशन हुआ था। इस हमले के बाद अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है। खबरों के मुताबिक बाइक सवार आतंकियों ने पहले सुरक्षाबलों पर हमला किया।
बता दें कि सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही अमरनाथ यात्रा पर आतंकी खतरे को लेकर आगाह किया था। पिछले साल हिज्बुल कमांडर बुरहान वानी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद से ही घाटी में हालात खराब हैं। इस साल अमरनाथ यात्रा के दौरान वानी की पहली बरसी भी पड़ी थी। खुफिया रिपोर्ट्स के बाद अमरनाथ यात्रा की जबरदस्त सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 40 हजार जवानों को यात्रा की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।
अमरनाथ हमले के बाद केंद्र सरकार भी हरकत में आ गई है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल अमरनाथ हमले पर सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। डोभाल ने इस हमले के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जानकारी दी है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही खुफिया एजेंसियों ने अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की आशंका जताई थी। 29 जून को अमरनाथ यात्रा शुरू हुई थी। इधर राजधानी दिल्ली के रेलवे स्टेशन समेत तमाम सार्वजनिक स्थानों पर हाई अलर्ट कर दिया गया है।
