सैकड़ों होम बायर्स का पैसा हड़प करने वाले इन सात बिल्डर पर लगा गैंग्स्टर
नोएडा: यहाँ फ्लैट- शोरूम के सपने दिखाकर सैकड़ों बायर्स के खून-पसीने की कमाई हड़पने वाले प्रीमिया ग्रुप के डायरेक्टर अब अधिकृत रूप से गुंडे घोषित कर दिए गए हैं। पुलिस की रिपोर्ट पर डीएम बी.एन. सिंह ने संज्ञान लेते हुए प्रीमिया समूह के सभी 7 डायरेक्टरों के खिलाफ गैंगस्टर ऐक्ट को मंजूरी दे दी है।
डीएम ने बताया कि इन निदेशकों ने प्रीमिया प्रॉजेक्ट लिमिटेड के नाम से बिल्डिंग बनाने के नाम पर भोले भाले लोगों से धोखाधड़ी की और उनसे करोड़ों रुपये हड़प लिए। उनकी इस करतूत की वजह से कोई भी व्यक्ति नोएडा जैसे शहर में फ्लैट- दुकान खरीदने को तैयार नहीं हो रहा है। साथ ही लोगों में बिल्डरों के प्रति भय और आतंक का माहौल बन गया है। इससे शहर में कानून- व्यवस्था के खराब होने की आशंका भी पैदा होती जा रही है। इसलिए ग्रुप के सीएमडी तरुण शीन्ह निवासी ईस्ट पटेल नगर, पत्नी रेखा शीन्ह, चरणजीत सिंह ढानी निवासी फरीदाबाद, लक्ष्मी राजपूत निवासी कृष्णा गंज नई दिल्ली, अमित सोमाल निवासी सेक्टर-12 द्वारका, नताशा राजपूत उर्फ नताशा वोहरा निवासी केंद्रीय विहार गुड़गांव, विशू उर्फ स्वामी निवासी जिला बिजनौर के खिलाफ गैंगस्टर ऐक्ट लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था खराब करने में लगे कई ओर सफेदपोश लोगों को भी चिह्नित करके रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही उनके खिलाफ भी ऐक्शन लिया जाएगा।
