करवा चौथ: चाँद देखकर सुहागिनों ने खोला व्रत, माँगा अखंड सौभाग्य
ग्रेटर नोएडा : करवाचौथ पर आज सुहागिनों ने विधि विधान से पूजा कर पति की लंबी उम्र की कामना की। करवाचौथ को लेकर शाहर में महिलाएं खासी उत्साहित दिखीं। दिनभर निर्जल व्रत रखकर शाम को महिलाओं ने पूजा की, कथा सुनी और चांद निकलने पर अर्घ्य देकर व्रत समाप्त किया।
शहर में कई जगह पार्को व मंदिरों में महिलाओं ने सामूहिक पूजा भी की। महिलाओं ने पूरे दिन उपवास रखकर पति के लंबी उम्र की कामना की। शाम को साज श्रृंगार के साथ उन्होंने पूजा की। चांद और अपने पति को छलनी में देखने के बाद पानी पिया। इस दौरान सोसायटी में महिलाओं के बीच कई रंगारंग कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुई। बाजारों में दिखी भीड़
शहर के सभी प्रमुख बाजारों में करवाचौथ की खरीदारी के लिए महिलाओं की खासी भीड़ दिखी। करवाचौथ की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ की वजह से शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक जगत फॉर्म बाजार में सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, सेक्टरों के अन्य प्रमुख बाजारों में भी करवाचौथ के लिए पूजा की थाली, चुन्नी समेत पूजा व अन्य सामग्रियों की खरीदारी के लिए महिलाएं जुटी रहीं।
