सनसनीखेज : बैंक लूटने आये बदमाशों से भिड़े दो गार्डों की निर्मम हत्या

नोएडा : यहाँ के सेक्टर-एक स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। इस दौरान जब बैंक की सुरक्षा में तैनात दो गार्डो ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने सरिया और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी . दोनों गार्डों की लाश बैंक परिसर में बने गार्ड रूम में बरामद हुए हैं। बैंक में गार्डों की हत्या की वारदात से पुलिस और बैंक प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। थाना सेक्टर-20 पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। सूचना पाकर एसएसपी डॉ . अजयपाल शर्मा, एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह समेत सभी सीओ व अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, सर्विलांस टीम और क्राइम ब्रांच की टीम को मौके पर बुलाया गया।

दोनों गार्डों की पहचान कुशल सिक्युरिटी एजेंसी के गार्ड मुकेश यादव निवासी जनपद मैनपुरी और मुद्रिका प्रसाद निवासी गांव सिकटी जनपद भोजपुर बिहार के रूप में हुई है। हत्या की सूचना पाकर मुद्रिका के परिजन बैंक पहुंच गए हैं। मुद्रिका के दो बेटे और एक बेटी है। फिलहाल उनका परिवार कल्याणपुरी दिल्ली में रह रहा है। वह सात साल से पीएनबी में तैनात थे। नोएडा पुलिस के अनुसार हत्या की ये वारदात बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे हुई है। शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे जब माली राम अचल बैंक आया तो उसे दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने बैंक के मुख्य प्रबंधक परवेन्दर कुमार को फोन कर सूचना दी। मुख्य प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को फोन किया और खुद भी बैंक पहुंच गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में बैंक का गेट खोला गया तो मुख्य गेट पर बने गार्ड रूम में ही दोनों गार्डों का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। पुलिस तुरंत दोनों गार्डों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार सीसीटीवी में 17 से 19 साल के दो बदमाश दिखे हैं। बदमाश पीछे की दीवार फांदकर बैंक परिसर में घुसे थे। हत्या के बाद बदमाश बैंक परिसर में दाखिल हुए हैं। उन्होंने मुख्य प्रबंधक के कमरे का ताला तोड़कर सीसीटीवी कैमरे की एक डीवीआर चोरी कर ली है, ताकि पुलिस को कैमरे की रिकॉर्डिंग से कोई मदद न मिले। हालांकि वहां दो डीवीआर थी। बदमाश एक ही डीवीआर ले गए हैं। दूसरी डीवीआर में बदमाश रात करीब 2:06 बजे बैंक के अंदर दिख रहे हैं। बदमाश करीब एक घंटे तक बैंक के अंदर रहे। सभी ने नकाब पहन रखा था। सीसीटीवी में बदमाश गार्ड रूम में भी आते-जाते दिख रहे हैं। जहां दोनों गार्डों की हत्या की गई थी। एसएसपी ने बताया कि बैंक के मुख्य प्रबंधक परवेन्दर कुमार की शिकायत पर थाना सेक्टर-20 में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। उन्होंने अपनी शिकायत में बैंक के स्ट्रांग रूम को सुरक्षित बताया है। हत्या लूटपाट के लिए की गई है या इसके पीछे कोई और वजह है, सभी एंगल से पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की सही वजह पता चलेगी। नोएडा में इससे पहले भी बैंक लूट की कई वारदात हो चुकी हैं। बदमाश एटीएम बूथ से मशीन तक उखाड़कर ले जा चुके हैं। कई बार एटीएम मशीन तोड़ने का भी प्रयास किया गया है। वर्ष 2005 में सेक्टर एक में ही बदमाशों ने एक्सिस बैंक के एटीएम पर धावा बोलकर दो सिक्योरिटी गार्डों की हत्या कर दी थी। बदमाशों ने एटीएम लूट का प्रयास किया था।

यह भी देखे:-

ईस्टर्न पेरिफेरल बनता जा रहा है किलर हाईवे , जानिए क्यों
24 घंटे के अंदर पुलिस ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया, हत्यारा पिता व भाई गिरफ्तार, प्रॉपर्टी बंटव...
अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़: नोएडा पुलिस ने 107 पव्वों के साथ अभियुक्त दबोचा
ग्रेटर नोएडा : पुलिस मुठभेड़ में दुजाना गैंग का शार्प शूटर घायल 
ओला ड्राइवर के हत्यारे लूटरे एनकाउन्टर में घायल
चोरी के मोबाइल सहित चोर गिरफ्तार
ओला कैब चालक को बंधक बनाकर लूटपाट
गैंगस्टर योगेश शर्मा की 12.85 लाख की थार जब्त, फर्जीवाड़े से जुटाई थी रकम
गोपनीय सूचना पर सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.1 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, पहले भी रहा है...
"ऑपरेशन स्ट्रीट सेफ्टी": नोएडा पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई, 1007 शराब पीने वाले गिरफ्तार, 854 वाहनों क...
टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर डंपर चालक भागा, विरोध करने पर दो लोगों ने दी धमकी
पूर्व पति ने पहले पिलाई बियर, फिर किया दुष्कर्म
ऑटो चलाने की आड़ में करते थे लूट, गिरफ्तार
मनचलों से परेशान छात्रा ने दर्ज कराया एफ़आईआर
कासना पुलिस के हत्थे चढ़ा पांच हज़ार का ईनामी , स्वर्णनगरी में 16 लाख लूट को दिया था अंजाम
पिता की हत्या के बाद किशोर ने मेट्रो के आगे कूदकर दी जान, कमरे से मिला शव और खून से सने कपड़े