यूपी रेरा ने 8 जिलों में 17 रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी, 4844 करोड़ का होगा निवेश
लखनऊ में सबसे ज्यादा 3031 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयां बनेंगी, गौतमबुद्ध नगर की परियोजना में 940 करोड़ से अधिक का निवेश
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए यूपी रेरा ने आठ जिलों में 17 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के माध्यम से करीब 4,844.43 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इनके तहत प्रदेश में कुल 5,726 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। निवेश और इकाइयों की संख्या के मामले में लखनऊ सबसे आगे है, जबकि गौतमबुद्ध नगर में भी करीब 940.43 करोड़ रुपये की मिश्रित उपयोग वाली परियोजना को मंजूरी मिली है।
यूपी रेरा मुख्यालय में आयोजित प्राधिकरण की 217वीं, 218वीं और 219वीं बैठकों में इन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठकों की अध्यक्षता प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की। विभिन्न जिलों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण और विस्तृत विचार-विमर्श करने के बाद परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
प्राधिकरण के अनुसार, स्वीकृत परियोजनाओं का विकास रेरा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। इन परियोजनाओं से आवासीय एवं व्यावसायिक सुविधाओं के विस्तार के साथ निर्माण क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
लखनऊ में 2203 करोड़ का निवेश, 3031 इकाइयां बनेंगी
स्वीकृत परियोजनाओं में लखनऊ सबसे आगे है। यहां छह आवासीय, एक मिश्रित उपयोग और दो व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन पर करीब 2,203.27 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इनके माध्यम से कुल 3,031 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
गाजियाबाद में 943 करोड़ की दो परियोजनाएं
गाजियाबाद में दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें 943.28 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर 1,016 नई आवासीय इकाइयां उपलब्ध होंगी।
गौतमबुद्ध नगर में 940 करोड़ की परियोजना
गौतमबुद्ध नगर में मिश्रित उपयोग वाली एक परियोजना को स्वीकृति दी गई है। इसके विकास पर करीब 940.43 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस परियोजना के तहत 456 इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है।
कानपुर में 597 और मेरठ में 313 इकाइयां बनेंगी
कानपुर में 524.66 करोड़ रुपये के निवेश वाली आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 597 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। वहीं मेरठ में 194.28 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना को स्वीकृति मिली है, जिसमें 313 इकाइयां विकसित की जाएंगी।
अयोध्या और अन्य जिलों में भी परियोजनाओं को मंजूरी
अयोध्या में 26.61 करोड़ रुपये के निवेश से 159 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। फिरोजाबाद में 10.87 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना को मंजूरी मिली है, जिसके तहत 48 इकाइयां विकसित होंगी। वहीं मुरादाबाद में 1.03 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना को स्वीकृति दी गई है। इसमें 12 आवासीय इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है।
घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा प्राथमिकता : संजय भूसरेड्डी
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र को व्यवस्थित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए प्राधिकरण लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। परियोजनाओं के प्रस्तावों का समयबद्ध निस्तारण और उनके विकास की नियमित निगरानी इस दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यूपी रेरा का प्रयास है कि घर खरीदारों को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण मिले तथा प्रमोटरों को भी निर्धारित नियमों के तहत परियोजनाओं के विकास के लिए स्पष्ट व्यवस्था उपलब्ध हो। प्राधिकरण रेरा अधिनियम के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और प्रदेश में सुनियोजित रियल एस्टेट विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इन 17 परियोजनाओं में प्रस्तावित निवेश से निर्माण सामग्री, परिवहन और इंजीनियरिंग समेत कई संबंधित क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
